27 Apr 2024, 05:30:51 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » National

प्रियंका- महिला विरोधी सोच के अगुवा हैं UP के CM, राहुल ने पूछा-जो नफऱत करे...

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Sep 14 2021 7:23PM | Updated Date: Sep 14 2021 7:23PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा है। राहुल गांधी ने जहां योगी आदित्यनाथ के 'अब्बा जान' वाले बयान की पृष्ठभूमि में मंगलवार को उन पर परोक्ष रूप से निशाना साधा, वहीं प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश में 'महिला विरोधी अपराधों' का हवाला देते हुए आदित्यनाथ को 'महिला विरोधी सोच के अगुवा' करार दिया। राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 'अब्बा जान' वाले बयान की पृष्ठभूमि में मंगलवार को उन पर परोक्ष रूप से निशाना साधा और कहा कि 'जो नफरत करे, वह योगी कैसे हो सकता है।' उन्होंने ट्वीट किया, ''जो नफऱत करे, वह योगी कैसा!'' उल्लेखनीय है कि योगी ने रविवार को उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए 'अब्बा जान' वाली टिप्पणी की थी। पूर्व की समाजवादी पार्टी सरकार का परोक्ष रूप से उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा था, ''अब्बा जान कहने वाले गरीबों की नौकरी पर डाका डालते थे। पूरा परिवार झोला लेकर वसूली के लिए निकल पड़ता था। अब्बा जान कहने वाले राशन हजम कर जाते थे। राशन नेपाल और बांग्लादेश पहुंच जाता था। आज जो गरीबों का राशन निगलेगा, वह जेल चला जाएगा।''प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश में 'महिला विरोधी अपराधों' का हवाला देते हुए मंगलवार को आरोप लगाया कि राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 'महिला विरोधी सोच के अगुवा' हैं। उन्होंने हाथरस में एक साल पहले दलित युवती के साथ हुए कथित दुष्कर्म एवं हत्या के मामले का उल्लेख करते हुए ट्वीट किया, ''आज से एक साल पहले हाथरस में बलात्कार की भयावह घटना घटी थी और उप्र सरकार ने परिवार को न्याय व सुरक्षा देने की जगह धमकियां दीं थीं और उनसे बेटी के ससम्मान अंतिम संस्कार का हक भी छीन लिया था।''
 
कांग्रेस की उत्तर प्रदेश प्रभारी के मुताबिक, उस वक्त सरकार के अधिकारियों व भाजपा के नेताओं ने बयान देकर 'बलात्कार' न होने जैसी बातें कही थीं व पूरी सरकारी मशीनरी की ऊर्जा पीड़िता का चरित्र हनन करने में खर्च की गई थी। प्रियंका ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए सवाल किया, ''महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर इतना खराब रुख रखने वाली सरकार के मुखिया से आप संवेदनशीलता की आस रख भी कैसे सकते हैं?'' उन्होंने आरोप लगाया, ''वैसे भी उप्र के मुख्यमंत्री महिला विरोधी सोच के अगुआ हैं। वो कह चुके हैं कि महिलाओं को स्वतंत्र नहीं होना चाहिए।''
 
कांग्रेस की नगालैंड इकाई के अध्यक्ष के. थेरी ने उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री पद के चेहरे के लिए पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा के नाम की पैरवी करते हुए मंगलवार को कहा कि देश की सबसे बड़ी आबादी वाले राज्य के लोगों को प्रियंका को अपना मुख्यमंत्री चुनने में खुशी होगी। नगालैंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ने ट्वीट किया, ''प्रियंका गांधी वाद्रा विवेकशील हैं। उत्तर प्रदेश को उन्हें अपना मुख्यमंत्री चुनने में कोई परेशानी नहीं होगी। मुझे भरोसा है कि हर किसी को इसमें खुशी मिलेगी।''उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश के कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं ने विभिन्न मौकों पर यह कहा है कि अगले साल होने वाला विधानसभा चुनाव प्रियंका के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। हालांकि, मुख्यमंत्री पद के चेहरों को लेकर पार्टी की ओर से अब तक कुछ भी स्पष्ट नहीं किया गया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद ने पिछले दिनों कहा था कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव प्रियंका गांधी के नेतृत्व में लड़ेगी। हालांकि, अभी तक मुख्यमंत्री उम्मीदवार के लिए अंतिम फैसला नहीं हुआ है।

 

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »