टोक्यो। Tokyo Paralympic में भारतीय निशानेबाज मनीष नरवाल ने गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। इसके अलावा सिंहराज सिंह अडाना को रजत पदक मिला है। मनीष नरवाल ने मिश्रित 50 मीटर पिस्टल एसएच1 निशानेबाजी में गोल्ड मेडल जीता। जबकि सिंहराज सिंह अडाना ने इसी इवेंट में रजत पदक जीता है।
इन दो पदकों के साथ ही टोक्यो पैरालंपिक में भारत के पदकों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है। भारत ने इस पैरालंपिक में अब तक तीन गोल्ड, सात सिल्वर और पांच ब्रॉन्ज मेडल जीता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई दी है। उन्होंने लिखा, "टोक्यो पैरालिंपिक में गौरव जारी है। युवा और शानदार प्रतिभावान मनीष नरवाल की शानदार उपलब्धि। उनका स्वर्ण पदक जीतना भारतीय खेलों के लिए एक विशेष क्षण है। उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं।
19 साल के मनीष नरवाल ने पैरालंपिक खेलों का रिकॉर्ड बनाते हुए 218।2 का स्कोर कर गोल्ड मेडल जीता। जबकि सिंहराज सिंह अडाना ने 216।7 अंक बनाकर रजत पदक जीता। वहीं रूसी ओलंपिक समिति के सर्जेइ मालिशेव ने इसी इवेंट में 196।8 अंकों के साथ कांस्य पदक जीता। टोक्यो पैरालंपिक में भारत निशानेबाजी में 5 पदक जीत चुका है।
इससे पहले क्वालीफाइंग दौर में सिंहराज सिंह अडाना ने 536 अंक लेकर चौथा स्थान और मनीष नरवाल ने 533 अंक लेकर सातवां स्थान हासिल किया था। जबकि भारत के ही आकाश 27वें स्थान पर रहकर फाइनल में जगह नहीं बना सके थे। सिंहराज अडाना ने इस पैरालंपिक खेलों में दो मेडल जीत लिया है। इससे पहले उन्होंने पी1 पुरुष 10 मीटर एयर पिस्टल एसएच1 में कांस्य पदक जीता है।