27 Apr 2024, 07:26:17 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » National

ओछी राजनीति कर रही कांग्रेस, सुरक्षा की दृष्टि से नहीं थी कोई कमी: BJP

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Jan 27 2023 7:44PM | Updated Date: Jan 27 2023 7:44PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्ली। BJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने शुक्रवार को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर पलटवार करते हुए ओछी राजनीति करने का आरोप लगाया। दरअसल, राहुल गांधी ने जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने की वजह से भारत जोड़ो यात्रा रोक दी। इस दौरान कांग्रेस सांसद ने कहा था कि पुलिस व्यवस्था पूरी तरह धराशायी हो गई है और सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाले पुलिस वाले कहीं भी नजर नहीं आ रहे थे।
 
भाजपा प्रवक्ता ने राहुल गांधी और कांग्रेस के आरोपों का खंडन कर दिया। उन्होंने कहा कि ये आरोप बेतुके हैं। ओछी राजनीति की जा रही है। राहुल गांधी और कांग्रेस द्वारा दिए गए बयानों से स्पष्ट होता है कि उनकी यात्रा सुर्खियों में बनी रहे, इसलिए ऐसे आरोप लगा रहे हैं। क्योंकि सुरक्षा की दृष्टि से कोई कमी नहीं थी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की आदत अनर्गल आरोप लगाने की बन गई है। जो आरोप उन्होंने सुरक्षा एजेंसियों और कश्मीर पुलिस पर लगाए हैं, ये सारे आरोप अनर्गल है। इससे प्रतीत होता है कि ओछी और घटिया राजनीति की जा रही है। भारत जोड़ो यात्रा को कश्मीर घाटी के एंट्री प्वाइंट काजीगुंड के पास रोक दिया गया, क्योंकि कांग्रेस ने जम्मू-कश्मीर प्रशासन द्वारा सुरक्षा में चूक और भीड़ के कुप्रबंधन का आरोप लगाया। जम्मू-कश्मीर कांग्रेस की प्रभारी रजनी पाटिल ने ट्वीट कर आरोप लगाया था कि जम्मू-कश्मीर प्रशासन राहुल गांधी के नेतृत्व वाली भारत जोड़ो यात्रा को सुरक्षा प्रदान करने में विफल रहा है। इससे सुरक्षा में प्रशासन के अनुचित रवैये का संकेत मिलता है।
 
भारत जोड़ो यात्रा के तहत राहुल गांधी शुक्रवार को 11 किलोमीटर की पैदल यात्रा करने वाले थे, लेकिन राहुल गांधी महज 500 मीटर ही पैदल चल पाए और यात्रा रोकनी पड़ी थी। इस पर राहुल गांधी ने कहा था कि आज यात्रा के दौरान पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था ध्वस्त हो गई। टनल से निकलने के बाद पुलिसकर्मी नहीं दिखे। मेरे सुरक्षाकर्मियों ने कहा कि हम और नहीं चल सकते। मुझे अपनी यात्रा रोकनी पड़ी, बाकी लोग यात्रा कर रहे थे। भीड़ को काबू करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »