बलिया। भाजपा की पूर्व सहयोगी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के नाम पर 1400 करोड़ रुपये का घोटाला होने का आरोप लगाया और कहा कि भाजपा राम मंदिर के नाम पर चुनाव के लिए चन्दा जुटा रही है। हालांकि राजभर ने अपने आरोपों के पक्ष में कोई प्रमाण पेश नहीं किया।
सत्तारूढ़ भाजपा ने राजभर के इस बयान को सस्ती लोकप्रियता हासिल करने की कोशिश करार दिया है। राजभर ने मंगलवार रात यहाँ संवाददाताओं से बातचीत करते हुए आरोप लगाया कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए रोजाना 100-100 करोड़ रुपए का चंदा आ रहा है। उन्होंने कहा कि आखिर मंदिर बनाने पर कितना धन खर्च होगा, मंदिर बनाने के नाम पर 14 सौ करोड़ रुपए का घोटाला किया गया है और भाजपा राम मंदिर के नाम पर आगामी विधानसभा चुनाव के लिए चंदा जुटा रही है। हालांकि इन आरोपों के समर्थन में राजभर ने कोई प्रमाण पेश नहीं किया।
मऊ से बसपा के बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी और पूर्व सांसद अतीक अहमद के विरुद्ध उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार द्वारा की जा रही कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि सरकार इसके जरिए हिन्दू-मुसलमान की राजनीति कर रही है। राजभर ने कहा, ' मुख़्तार अंसारी के खिलाफ 15 मुकदमे हैं, जबकि माफिया से राजनेता बने बृजेश सिंह के खिलाफ 105 मुकदमे दर्ज हैं। धनंजय सिंह और अभय सिंह के खिलाफ 100-100 मुकदमे हैं। उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही? भाजपा सरकार को केवल मुख्तार अंसारी और अतीक अहमद ही क्यों दिखाई दे रहे हैं।