भागलपुर। बिहार के पटना बेउर जेल में प्रतिबंधित एके-47 राइफल एवं ग्रेनेड बरामदगी मामले में बंद मोकामा से निर्दलीय विधायक अनंत सिंह को आज भागलपुर जेल में शिफ्ट किया गया। आधिकारिक सूत्रों ने यहां बताया कि सुरक्षा के दृष्टिकोण से पटना के जिलाधिकारी के अनुशंसा पर महानिरीक्षक (कारा) के निर्देश के आलोक में विधायक सिंह को दो वाहनों से कड़ी सुरक्षा के बीच आज शाम यहां के कैंप जेल में लाया गया है। उन्हें कैदी वाहन से यहां लाया गया और उसके साथ दो गाड़ियों में पुलिस जवान थे। सिंह की न्यायालय में हाजिरी जेल से ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए होगी।
सूत्रों ने बताया कि सिंह के यहां शिफ्ट होने के मद्देनजर कैंप जेल और इससे सटे इलाके की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इसके अलावा आस-पास घुमने वाले संदिग्ध लोगों पर भी नजर रखी जा रही है। गौरतलब है कि पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर विधायक सिंह के पटना जिले में बाढ़ अनुमंडल के लधमा गांव स्थित पैतृक आवास पर छापेमारी एवं तलाशी में एके-47 राइफल, ग्रेनेड और कारतूस बरामद करने का दावा किया है। इस मामले में विधायक ने दिल्ली के साकेत कोर्ट में आत्मसमर्पण किया था, जहां से बाद में उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर लाकर बाढ़ न्यायालय में पेश किया गया था। इसके बाद उन्हें आदर्श केंद्रीय कारा, बेऊर भेज दिया गया था।