27 Apr 2024, 09:11:04 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
State

इंदौर में रामनवमी पर बड़ा हादसा, मंदिर में बावड़ी की छत धंसी, 4 लोगों की अब तक मौत, रेस्क्यू जारी

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Mar 30 2023 4:08PM | Updated Date: Mar 30 2023 4:08PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर में रामनवमी पर बड़ा हादसा हो गया। यहां एक मंदिर में कुएं पर बनी छत धंस गई। इसके चलते करीब 20-25 लोग बावड़ी (कुएं) में गिर गए। कलेक्टर ने चार लोगों की मौत की पुष्टि कर दी है। वहीं अभी तक 15 लोगों का रेस्क्यू किया जा चुका है। जबकि बाकी को बचाने के लिए रेस्क्यू अभियान जारी है। ये हादसा स्नेह नगर के पास पटेल नगर में हुआ। यहां बेलेश्वर महादेव झूलेलाल मंदिर में कुएं पर बनी छत धंस गई। इसके चलते इस पर मौजूद लोग कुएं में गिर गए। मंदिर में रामनवमी पर हवन चल रहा था।

एमपी के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि लोगों का रेस्क्यू किया जा रहा है। जो लोग फंसे हैं, उन्हें निकालने का प्रयास जारी है। बाहर निकाले गए लोगों को अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा, वे स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। बताया जा रहा है कि रामनवमी पर मंदिर में हवन हो रहा था। इसमें शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। लोग पूजा अर्चना और आरती कर रहे थे। मंदिर में एक बावड़ी थी, इस पर 10 साल पहले छत डाल दी गई थी। पूजा के दौरान 20-25 लोग बावड़ी की छत पर खड़े थे, तभी छत धंस गई। छत धंसने से कुएं में करीब 20-25 लोग इसमें गिर गए। यह बावड़ी 50 फीट गहरी बताई जा रही है। 

जिला प्रशासन मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू में जुट गया है। हालांकि, कुएं में पानी है, इसके चलते रेस्क्यू अभियान में दिक्कत हो रही है। मंदिर के आस पास लोगों को जाने से मना कर दिया गया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बेलेश्वर महादेव मंदिर में हुई घटना पर संज्ञान लिया है। शिवराज सिंह ने इंदौर कलेक्टर और कमिश्नर को फोन कर रेस्क्यू अभियान तेज करने का निर्देश दिया है। सीएम दफ्तर लगातार इंदौर जिला प्रशासन के संपर्क में है। इंदौर सांसद शंकर लालवानी ने बताया कि संख्या के बारे में बताना मुश्किल है। 7 लोगों को निकाल लिया गया है। हमारी प्राथमिकता कुएं में गिरे लोगों को जल्द से जल्द बाहर निकालने की है। रेस्क्यू टीम, पुलिस और स्थानीय लोग लोगों को बाहर निकालने में जुटे हैं। जिन लोगों को बाहर निकाला गया है, उन्हें अस्पताल में भेजा गया है। उन्होंने बताया कि रस्सियां डालकर लोगों को निकाला जा रहा है। रेस्क्यू टीम के लोग कुएं में उतरकर लोगों को निकालने का प्रयास कर रहे हैं। पूरा जिला प्रशासन वहां पहुंच गया है।

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »