मुंबई। बॉलीवुड के रूमानी अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के निधन पर बॉलीवुड के सितारों ने शोक व्यक्त किया है। सुशांत सिंह राजपूत ने महज 34 साल में ही इस दुनिया को अलविदा कह दिया। उन्होंने आत्महत्या कर ली। इस खबर के बाद से पूरी इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। बॉलीवुड सेलेब्स इस घटना स्तब्ध हैं और अपनी सवेंदना सोशल मीडिया पर व्यक्त कर रहे हैं। अक्षय कुमार, सुशांत के जाने की खबर से नि:शब्द हो गए हैं। उन्होंने लिखा, इस ख़बर ने मुझे स्तब्ध और नि:शब्द कर दिया। मुझे याद है कि मैं सुशांत की फिल्म छिछोरे देख रहा था और अपने दोस्त साजिद को बता रहा था कि बतौर प्रोड्यूसर वह कितना आनंद ले रहे हैं।
काश मैं भी इसका हिस्सा होता। एक प्रतिभाशाली एक्टर थे। भगवान उनके परिवार को मजबूती दे। अजय देवगन ने सुशांत के निधन की खबर को दु:खद बताया और कहा, ‘‘सुशांत सिंह राजपूत के निधन की खबर काफी दु:खद है। बहुत दु:खद नुकसान है। उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति गहरी संवेदना है। उनकी आत्मा को शाश्वत शांति मिले।’’ वहीं, रितेश देशमुख ने लिखा, ‘‘मेरे पास शब्द नहीं हैं। सुशांत सिंह राजपूत नहीं रहे। गहरा दु:ख हुआ। अनुपम खेर ने अपने ट्वीट में सुशांत को याद करते हुए कहा, मेरे प्यारे सुशांत सिंह राजपूत... आखिर क्यों....क्यों।
वहीं, मीरा राजपूत ने कहा, मैं इस बात पर भरोसा करने से इंकार करती हूं कि उन्होंने खुद को मार लिया। यह सुशांत नहीं हो सकते हैं। वहीं, हिना खान ने ट्वीट किया कि वह इस पर भरोसा नहीं कर सकती। यह सच नहीं हो सकता। आफताब शिवदेसानी ने ट्वीट किया -‘नहीं सुशांत, बहुत ही चौंकाने वाली खबर है। बहुत, बहुत ही ज्यादा दुखद, क्यों। इतनी खूबसूरत और जवान जिंदगी को क्यों खत्म कर दिया। बहुत ही दिल तोड़ने वाला है।