26 Apr 2024, 21:44:33 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
State

आर्थिक गतिविधियां प्रारंभ करना आवश्यक- मुख्यमंत्री शिवराज

By Dabangdunia News Service | Publish Date: May 13 2020 12:58AM | Updated Date: May 13 2020 12:58AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कहा कि देश के साथ ही यह राज्य भी कोरोना से पूरी ताकत से लड़ रहा है, लेकिन संसार में जीने के लिए रोटी, कपड़ा और मकान भी चाहिए है और इसके लिए आर्थिक गतिविधियां प्रारंभ की जाना आवश्यक है। चौहान ने अपने ब्लाग में लिखा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना की स्थिति को सही समय पर पहचान कर लॉकडाउन का निर्णय लिया था, जिससे देश में ज्यादा नुकसान नहीं हुआ। प्रधानमंत्री ने ही अगले चरण में 'जान है और जहान भी है', का नारा दिया है। चौहान ने कहा कि संसार में जीने के लिए रोटी, कपड़ा और मकान भी चाहिए।
 
इसके लिए आर्थिक गतिविधियां प्रारंभ की जाना आवश्यक हैं। लॉकडाउन के तीसरे चरण से कुछ छूट देकर कुछ क्षेत्रों में उद्योग, दुकानें आदि प्रारंभ कर दिये गये। वहीं अन्य क्षेत्रों में कुछ प्रतिबंध जारी हैं। अब लॉकडाउन के चौथे चरण में और भी छूट देने पर विचार चल रहा है। चौहान ने कहा कि भारत अनेकता में एकता का गुलदस्ता है। हमारा संविधान सभी को पूरे देश में कहीं भी आने-जाने, निवास करने और जीविकोपार्जन करने का अधिकार देता है।
 
इसलिए अपने हुनर का उपयोग करने, रोजगार के अवसर तलाशने और अपने परिवार के अच्छे भविष्य के सपने को पूरा करने के लिए बड़ी संख्या में लोग एक राज्य से दूसरे राज्य में जाते हैं। आर्थिक गतिविधियां बंद होने और कोरोना से भय का वातावरण बन जाने से बड़ी संख्या में श्रमिक अपने गृह राज्यों में वापस जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि लॉकडाउन में चरणबद्ध छूट के साथ ही उद्योग धंधे प्रारंभ होंगे और पुन: रोजगार मिलना प्रारंभ हो जाएगा।
 
परंतु यह मानवीय स्वभाव है कि वह संकट में अपनों के बीच रहना चाहता है। हमारी चुनौती है कि हम कैसे उन्हें सुरक्षित उनके घरों तक पहुँचाएं और वहां उनके हुनर का उपयोग करें, उन्हें रोजगार प्रदान करें। चौहान ने लिखा है कि मध्यप्रदेश इसके लिए पूरी तरह तैयार है। प्रदेश में मनरेगा कार्यक्रम के तहत हर गाँव में कार्य प्रारंभ किये जा रहे हैं। अभी तक 14 लाख से अधिक श्रमिकों को रोजगार दिया जा चुका है। यह प्रक्रिया जारी है। जितने भी लोग आगे, हम उन्­हें काम देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
 
इनमें अधिकतर के पास पैसा भले ही न हो, परंतु किसी न किसी तरह का हुनर है। बाहर रहकर उन्होंने इस हुनर को निखारा है। इसी की बदौलत तो उनकी अन्­य प्रदेशों में मांग है। चौहान ने लिखा है 'मेरा प्रयास है कि उनके इस हुनर का प्रदेश में ही उपयोग हो। कोरोना के कारण कई देशों से उद्योग विस्थापित हो रहे हैं। उद्योग नई जगहें तलाश रहे हैं। मध्यप्रदेश को ईश्वर ने सब कुछ दिया है। जल, जमीन, जंगल की बहुतायत है।
 
हुनरमंद युवाशक्ति है। इसलिए मैनें श्रम कानूनों में संशोधन किया है ताकि अधिक से अधिक उद्योग मध्यप्रदेश में आएं। इससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। उद्योगों और श्रमिकों के बीच सौहार्द्र का वातावरण बनेगा। कोरोना एक चुनौती है। इस चुनौती को हमें अवसर में बदलना है।' चौहान ने लिखा है कि मध्यप्रदेश देश का हृदय है, बीचों बीच स्थित है। इसलिए अन्य प्रदेशों के श्रमिक अपने राज्­यों में जाने के लिए मध्यप्रदेश से भी गुजर रहे हैं।
 
यह किसी भी जाति, धर्म, भाषा या क्षेत्र के हों, हमने प्रदेश में इन श्रमिकों को हरसंभव मदद करने की व्यवस्था की है। उन्होंने बताया कि हमारे प्रदेश में मुख्य रूप से यह प्रवासी श्रमिक सेंधवा से प्रवेश करके इंदौर, देवास, गुना, शिवपुरी होते हुए झॉंसी तक और शिवपुरी से ग्वालियर, भिंड होते हुए उत्­तरप्रदेश की सीमा तक जा रहे हैं। इसी प्रकार देवास से सीहोर, सागर, छतरपुर होते हुए महोबा तक जा रहे हैं। हमनें इन मार्गों पर इनके लिए ट्रांजिट प्वाइंट बनाए हैं, जहां इन्हें छाया, भोजन, चाय, पानी, दवाएं उपलब्­ध हैं।
 
हमारा यह भी संकल्प है कि हम इन्­हें मध्­यप्रदेश में पैदल नहीं चलने देंगे। प्रदेश की सीमा में प्रवेश करते ही इन्हें वाहन उपलब्­ध कराने और दूसरे छोर पर सीमा तक छोड़ने की व्यवस्था की गई है। इन वाहनों का किराया राज्य सरकार दे रही है। चौहान ने अंत में लिखा है कि यह समय भी गुजर जाएगा। हम चुनौती को अवसर में बदलेंगे। हमारे इन प्रयासों से प्रदेश का विकास होगा। युवाओं को घर पर ही रोजगार मिलने की संभावनाएं बढ़ेंगी। अन्य प्रदेशवासी हमारे बारे में सुखद यादें लेकर जाएंगे। यह सद्भावना ही हमारी पूँजी होगी, जो पूरे देश में मध्यप्रदेश की एक अलग पहचान बनाएगी।
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »