नई दिल्ली। इंग्लैंड वनडे क्रिकेट टीम के कप्तान इयोन मोर्गन के लिए आयरलैंड के खिलाफ खेला गया तीसरा वनडे मैच एतिहासिक साबित हुआ। इस मैच में अपनी शतकीय पारी के दम पर मोर्गन ने इतिहास रच दिया। मोर्गन अब इंटरनेशनल क्रिकेट में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। इससे पहले ये रिकॉर्ड टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के नाम पर दर्ज था। मोर्गन ने 84 गेंद पर 106 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। इस दौरान मोर्गन ने चार छक्के जड़े।
धोनी ने कप्तान के तौर पर कुल 211 इंटरनेशनल छक्के जड़े हैं। मोर्गन अब धोनी से आगे निकल गए हैं। मोर्गन के खाते में अब कप्तान के तौर पर इंटरनेशनल क्रिकेट में 215 छक्के हैं। तीन मैचों की सीरीज में इंग्लैंड पहले ही 2-0 से आगे है। मोर्गन और टॉम बैंटन के अलावा इंग्लैंड के बाकी बल्लेबाज कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर सके। बैंटन ने 58 रनों की पारी खेली। इंग्लैंड ने 44 रनों तक तीन विकेट गंवा दिए थे, इसके बाद मोर्गन और बैंटन ने स्कोर 190 रनों तक पहुंचाया।
मोर्गन ने चार छक्कों के अलावा 15 चौके भी जड़े। अगर ओवरऑल सबसे ज्यादा छक्कों की बात करें, तो इंटरनैशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के क्रिस गेल के नाम दर्ज हैं। गेल ने कुल 534 छक्के जड़े हैं। शाहिद अफरीदी 476 छक्कों के साथ दूसरे नंबर पर हैं। रोहित शर्मा के खाते में कुल 423 छक्के हैं और वो इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं। धोनी ने ओवरऑल 359 इंटरनैशनल छक्के मारे हैं।