लाहौर। दुनिया मे कोविड़-19 संक्रमण के मामले लगातार तेजी से बढ रहे है भारत सहित दुनिया के कई देशों मे लॉकडाउन कि स्थिति है। कोविड़-19 संक्रमण के हालात को देखते हुए पाकिस्तान में ईद पर कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए कई प्रांतों में लॉकडाउन की घोषणा की गई है। यह फिलहाल 15 मई तक जारी रहेगा। नेपाल में भी संक्रमण पूरी तेजी पर है। यहां लगातार तीसरे दिन संक्रमण और मरने वालों का आंकड़ा उच्चतम स्तर पर रहा।
पाकिस्तान में पंजाब, सिंध, खैबर पख्तूनख्वा और गुलाम कश्मीर में 8 मई से 15 मई तक सख्ती के साथ लाकडाउन लगाने के आदेश किए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार ईद पर अवकाश होने के कारण आवाजाही बढ़ने से रोकने के लिए यह निर्णय लिया गया है। इस दौरान सार्वजनिक यातायात, व्यापार, शॉपिंग मॉल, पार्क, बाजार सभी कुछ बंद रहेगा। केवल जरूरी सामान और दवाओं की दुकानें खुलेंगी। पाकिस्तान में अब तक 18 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।
नेपाल में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। पिछले 24 घंटों में यहां साढ़े आठ हजार से ज्यादा नए मरीज आए हैं। यह पहली बार है, जब देश में आठ हजार से ज्यादा मामले एक दिन में मिले हैं। नेपाल ने गुरुवार की रात से सभी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को बंद कर दिया है। दिन में त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पूरी तरह से भरा रहा। यहां से यात्री रात से पहले ही अपने गंतव्य तक पहुंचना चाहते थे।
स्पेन में मिला भारतीय वेरिएंट
स्पेन की स्वास्थ्य मंत्री कैरोलिना दारियास ने कहा है कि ग्यारह ऐसे कोरोना के नए मामले मिले हैं, जिनका सबसे पहले वेरिएंट भारत में मिला था। इस वेरिएंट को हाल ही में स्वास्थ्य अधिकारियों ने पहचाना है।
जानें अन्य देशों में क्या हैं हालात-
आस्ट्रेलिया : सिडनी में भारतीय वेरिएंट मिलने के बाद यहां पर नियमों में सख्ती कर दी गई है।
जापान : यहां की राजधानी टोक्यो में 31 मई तक के लिए इमरजेंसी बढ़ा दी गई है।
कनाडा : कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। कुल मरीजों की संख्या साढ़े बारह लाख से ज्यादा हो गई है।
इंडोनेशिया : संक्रमण बढ़ने के कारण ईद पर अपने घर लौटने वालों पर रोक लगा दी गई है। यह रोक 12 दिन तक के लिए जारी रहेगी।
रूस : यहां हर रोज साढ़े सात हजार से ज्यादा नए संक्रमित मरीज मिल रहे हैं।