29 Mar 2024, 15:06:23 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » World

कोरोना वायरस के संक्रमण से 11,058 मौतें, 260,214 लोग संक्रमित

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Mar 21 2020 12:55AM | Updated Date: Mar 21 2020 1:14AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

बीजिंग। विश्व के 168 देशों में फैल चुके कोरोना वायरस ‘कोविड 19’ का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है और अबतक इस खतरनाक वायरस से 11,058 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि करीब 260,214 लोग इससे संक्रमित हुए हैं। भारत में भी कोरोना वायरस का संक्रमण फैलता जा रहा है और अब तक इससे संक्रमितों की संख्या बढ़कर 223 हो गयी है। पंजाब के नवांशहर में एक व्यक्ति की मौत से देश में कोरोना वायरस के संक्रमण से कुल चार लोगों की मौत हो गयी है।
 
इससे पहले कर्नाटक, दिल्ली और महाराष्ट्र में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गयी थी। स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि देश में कोरोना के 223 मामलों की पुष्टि हो चुकी है जिनमें से 191 मरीज भारतीय हैं जबकि 32 विदेशी नागरिक हैं। कोरोना वायरस से संक्रमित 23 लोग उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके हैं। कोरोना वायरस का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है लेकिन अभी भी इससे सबसे अधिक प्रभावित चीन के लोग ही हैं।
 
इस वायरस को लेकर तैयार की गयी एक रिपोर्ट के मुताबिक चीन में हुई मौत के 80 प्रतिशत मामले 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के थे। चीन में 80,967 लोगों की कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है और करीब 3,248 लोगों की इस वायरस के चपेट में आने के बाद मौत हो गयी है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान चीन में कोरोना वायरस से तीन और चीन के बाहर 804 लोगों की मौत हुई है। चीन में अब तक 3248 लोगों की इस वायरस के कारण मौत हुई है।
 
कोरोना वायरस से अब तक पश्चिमी प्रशांत क्षेत्र में 3377, यूरोपीय क्षेत्र में 4084, दक्षिण-पूर्वी एशियाई क्षेत्र में 23, पश्चिमी एशिया क्षेत्र में 1161, अमेरिका के नजदीक पड़ने वाले क्षेत्रों में 119 और अफ्रÞीकी क्षेत्र में सात लोगों की मौत हुई है। इसके अलावा यह वायरस विश्व के 168 देशों में पैर पसार चुका है। चीन के अलावा कोरोना वायरस ने इटली, ईरान, स्पेन, अमेरिका और दक्षिण कोरिया समेत विश्व के कई और देशों को अपनी गिरफ्त में ले लिया है। इसके संक्रमण के आधे से अधिक मामले अब चीन के बाहर के हो गये हैं।
 
डब्ल्यूएचओ की रिपोर्ट के अनुसार चीन के बाद इटली में यह जानलेवा वायरस ने व्यापक स्तर पर अपने पैर पसार लिये हैं। इटली में कोरोना वायरस के कारण अब तक 4,032 लोगों की मौत हो चुकी हैं जबकि 47,021 लोग इससे संक्रमित हुए हैं। विश्व के कुछ अन्य देशों में भी स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है।
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »