20 Apr 2024, 12:29:06 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » World

टोक्यो ओलंपिक तय कार्यक्रम के अनुसार होंगे : प्रधानमंत्री

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Mar 15 2020 5:05PM | Updated Date: Mar 15 2020 5:05PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

टोक्यो। कोरोना वायरस के कारण इस वर्ष होने वाले टोक्यो ओलंपिक के होने को लेकर चल रहे संशय के बीच जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने कहा है कि ओलंपिक अपने तय कार्यक्रम के अनुसार ही होंगे। टोक्यो ओलंपिक का आयोजन 24 जुलाई से नौ अगस्त तक किया जाना है लेकिन वैश्विक महामारी बन चुके कोरोना वायरस का खेल जगत पर गहरा प्रभाव पड़ा है और इसके कारण विभिन्न खेलों के कई टूर्नामेंटों को स्थगित किया गया है जिसके बाद ओलंपिक के आयोजन को लेकर संशय पैदा हो गया है। 

आबे ने टोक्यो में संवाददाताओं से कहा,‘‘हम इस वायरस पर काबू पा लेंगे और ओलंपिक का आयोजन बिना किसी परेशानी के अपने तय कार्यक्रम के अनुसार करेंगे।’’ जापान के प्रधानमंत्री की यह टिप्पणी टोक्यो ओलंपिक आयोजकों के इस घोषणा के बाद आयी कि ओलंपिक मशाल रिले का यूनान चरण रद्द कर दिया गया है। टोक्यो ओलंपिक की आधिकारिक वेबसाइट पर कहा गया है,‘‘आईओसी और टोक्यो 2020 नजदीकी सहयोग करेंगे और अन्य संबंधित संगठनों के साथ मिलकर काम करेंगे ताकि एक सुरक्षित ओलंपिक आयोजित किए जा सकें और 24 जुलाई को इसका तय कार्यक्रम के अनुसार उद्घाटन समारोह हो।’’ 

मशाल रिले का जापान चरण 26 मार्च को फुकुशिमा में शुरु होना है और आबे का कहना है कि यह अपने कार्यक्रम के अनुसार होगा। उन्होंने कहा,‘‘ओलंपिक मशाल जापान पहुंचेगी और मैं ओलंपिक मशाल रिले की शुरुआत को देखने के लिए फुकुशिमा जाऊंगा। इस बीच टोक्यो गर्वनर यूरिको कोइके ने कहा,‘‘हम कोरोना के संक्रमण पर काबू पाने के लिए हरसंभव कदम उठा रहे हैं ताकि मशाल रिले को जापान में बिना किसी परेशानी के आयोजित किया जा सके।’’ जापान में कोरोना वायरस के 1400 से ज्यादा मामले हैं जिनमें 28 लोगों की मौत हो चुकी है। 

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »