18 Apr 2024, 18:36:43 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » National

UP में आज भी भारी बारिश के आसार, इन राज्यों में भी जमकर बरसेंगे बदरा

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Sep 18 2021 11:19AM | Updated Date: Sep 18 2021 11:45AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्‍ली। देशभर के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने शनिवार को भी उत्तर प्रदेश समेत देश के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है कि आज यूपी के 30 जिलों में भारी बारिश होने का अनुमान है। हालांकि, इसके बाद यूपी में बारिश की गतिविधियों में कमी आ सकती है। इसके अलावा राजस्थान, गुजरात और पूर्वोत्तर में भी भारी बारिश हो सकती है। बता दें कि पिछले कुछ दिनों से देश के कई राज्यों में लगातार भारी बारिश दर्ज की जा रही है।
 
भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, आज पूर्वी राजस्थान और गुजरात में बारिश की गतिविधियों में तेजी आएगी और आज से पूर्वी भारत में फिर से भारी बारिश की संभावना है। वहीं, दिल्ली-एनसीआर में पूरे दिन बादल छाए रहेंगे और छिटपुट बारिश होने की संभावना है और उसके बाद इसमें कमी आएगी। इससे पहले दिल्ली में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के साथ शुक्रवार को मौसम उमस भरा रहा।
 
भारतीय मौसम विभाग ने बताया कि शनिवार को दिल्ली में बादल छाए रहने के साथ ही गरज के साथ छींटे पड़ने और हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान है। राजधानी में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। विभाग ने 18-20 सितंबर के लिए ग्रीन अलर्ट और 21-22 सितंबर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। येलो गंभीर मौसम का संकेत है।
 
आईएमडी के मुताबिक, 19 और 20 सितंबर को उत्तराखंड में छिटपुट बारिश होने की संभावना बनी हुई है। वहीं कुछ हिस्सों में भारी बारिश भी हो सकती है। इसके अलावा हरियाणा और चंडीगढ़ में भी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले पांच दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत के अन्य हिस्सों में हल्की से मध्यम छिटपुट बारिश की संभावना है। वहीं 18 से 20 सितंबर तक ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल में भारी से अति भारी बारिश और अलग-अलग क्षेत्रों में भारी बारिश के साथ बारिश की गतिविधि बढ़ने की संभावना है।
 
मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों, मेघालय, नागालैंड और असम के पूर्वी हिस्सों के साथ-साथ अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं पूर्वोत्तर भारत, बिहार, झारखंड, शेष उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, गुजरात और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर, ओडिशा के कुछ हिस्सों, कोंकण और गोवा, तटीय कर्नाटक, केरल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और तमिलनाडु के अलग-अलग हिस्सों में हल्की बारिश संभव है।
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »