24 Apr 2024, 16:10:23 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
State

यूपी में योगी के बुलडोजर के आगे भाग रहे अपराधी : स्वतंत्रदेव

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Jan 26 2021 12:39AM | Updated Date: Jan 26 2021 12:40AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

झांसी। उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनावों की चल रही तैयारियों के बीच सोमवार को वीरांगना नगरी झांसी पहुंचे भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में अपराध का ग्राफ नीचे आने और कानून व्यवस्था में आपेक्षित सुधार होने की बात कही है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने यहां एक सामूहिक विवाह समारोह मे शिरकत के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कहा प्रदेश में आज कानून व्यवस्था पहले से बेहतर है, पहले जो लोग ए के 47 लेकर घूमा करते थे आज उनपर योगीजी का बुलडोजर चल रहा है, कुछ लोग राज्य को छोड़कर भाग गये हैं। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सबसे अधिक लोकप्रिय है। यह हम नहीं बल्कि सर्वे कह रहा है। इसके लिए हम सभी उनको बधाई देते हैं। राज्य की जनता योगी और देश की जनता मोदी जी के साथ खड़ी है।

पंचायत चुनाव को लेकर पार्टी की तैयारियों के विषय में कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता सभी चुनाव के लिए सक्षम हैं और अपनी पूरी तैयारी कर चुके हैं। अभी स्रातक शिक्षक के चुनाव और इससे पहले विधानसभा के चुनाव हुए और अब पंचायत चुनाव की भी तैयारी पूरी है जैसे ही अधिसूचना जारी होती है उसके हिसाब मेरा काम शुरू होगा। यहां भाजपा के 70 से अधिक ऐसे वरिष्ठ कार्यकर्ता हैं जिन्होंने जनसंघ और भाजपा के लिए काम किया उनके परिश्रम और तपस्या के बल पर पार्टी यहां तक पहुंची उनसे मुलाकात करनी है।

पश्चिम बंगाल में भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ हो रही हिंसा के सवाल पर कहा कि टीएमसी बंगाल में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ जो हिंसा कर रही है वह नहीं होनी चाहिए। किसी राजनीतिक दल को हिंसक नहीं होना चाहिए अपनी बात को लेकर लोगों के बीच जाना चाहिए और जनता का अंतिम निर्णय होता है कि वह किसके पक्ष में जाकर सरकार बनाता है। आने वाले चुनाव में अपने काम को लेकर गरीबों के पास जाए और वह अपना निर्णय चुनाव में करेंगे। दूसरी ओर उत्तर प्रदेश में योगी जी के नेतृत्व में बहुत बेहतर तरीके से काम हो रहा है। गरीब कल्याण, गांव की खुशहाली के लिए सभी योजनाएं गांवों में चल रही हैं और सभी खुशहाल हैं। विभिन्न योजनाओं का लाभ आम लोगों को मिल रहा है।

किसान आंदोलन के सवाल पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी किसान हित में काम कर रहे हैं। यह आंदोलन जिन लोगों के हाथों में नहीं होना चाहिए था उन लोगों के हाथों में चला गया है। यदि कोई समस्या है तो बात करो उसका निस्तारण किया जायेगा, कुछ दिनों के लिए स्थागित करेंगे। लेकिन ऐसा नही है वह जिद पकड़ लिए हैं, जिसका मतलब है कि इस आंदोलन को कोई और लीड कर रहा है, किसान लीड नहीं कर रहा है। इसको लीड करने वाला कोई और नहीं बल्कि सभी राजनीतिक दल हैं वह नहीं चाहते कि आंदोलन समाप्त हो।  

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »