लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि भाषा अभिव्यक्ति का आधार है और इसके बिना संवाद स्थापित नहीं किया जा सकता। योगी ने शनिवार को यहां उत्तर प्रदेश भाषा संस्थान तथा लखनऊ विश्वविद्यालय के हिन्दी तथा आधुनिक भारतीय भाषा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘भारतीय भाषा महोत्सव-2020’ के उद्घाटन समारोह को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि भाषा अभिव्यक्ति का आधार है और इसके बिना संवाद स्थापित नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि दुनिया को साहित्य का पाठ भारत ने पढ़ाया है। पूरे विश्व को पहला साहित्य भारत ने ही ऋग्वेद के रूप में दिया। हिन्दी देश के बड़े भू-भाग को जोड़ती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शब्द को जिस भावना से कहा गया, वही उसकी ताकत को बढ़ाता है। भारतीय मनीषियों ने शब्द को ब्रह्म कहा।
ब्रह्म ही सत्य और शाश्वत है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हिन्दुस्तानी अकादमी की त्रैमासिक पत्रिका के विशेषांक तथा पुस्तक ‘संगीत श्री रामायण’ का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि भारतीय साहित्य काफी समृद्ध है। तुलसीदास जी ने अवधी में रामचरितमानस के माध्यम से देश को स्वाधीनता की शक्ति को जगाने की ऊर्जा दी। गीता में धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष की जो बातें कही गई हैं, वह सत्य है। उन्होंने कहा कि भारत की हर भाषा में रोजगार की असीम सम्भावनाएं हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि काशी विश्वनाथ मन्दिर का सौन्दर्यीकरण किया जा रहा है। आने वाले समय में काशी विश्वनाथ मन्दिर विश्व में एक धाम के रूप में जाना जाएगा।
श्रद्धालुओं के लिए मंदिर में सुगम पूजन की व्यवस्था की गई है। संस्कृत के ज्ञाता लोगों को पौरोहित्य कार्य के लिये प्रशिक्षित किया गया। वहां श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए पुष्पों का उपयोग अगरबत्ती, इत्र व कम्पोस्ट बनाने में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश और दुनिया में ऐसे कई विश्वविद्यालय हैं, जहां संस्कृत और हिन्दी पढ़ाने के लिए योग्य शिक्षकों की आवश्यकता है। इसके लिए जरूरी है कि एक भाषा विश्वविद्यालय बने। प्रदेश सरकार युवाओं के लिए इंटर्नशिप योजना लेकर आयी है। यह योजना देश-दुनिया के लिए युवाओं को एक मंच देने का कार्य करेगी। विश्वविद्यालयों को इस योजना से जुड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि हर जिले में एक यूथ हब बनाया जा रहा है।