29 Mar 2024, 15:14:40 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
State

देश के लिये भाजपा को सत्ता से हटाना जरूरी : राय

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Jan 25 2021 12:36AM | Updated Date: Jan 25 2021 12:39AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

वाराणसी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय राय ने रविवार को केंद्र एवं उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर गरीबों और मध्यम वर्ग के प्रति असंवेदनशील रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुये कहा कि ऐसी पार्टी एवं उसके नेताओं से देश को छुटकारा दिलाने के लिए कांग्रेस को मजबूत बनाना समय की मांग है। 

राय ने जिले के हरहुआ, सरायकाजी तथा सभईपुर न्याय पंचायतों की हरहुआ बाजार स्थित रामलीला मैदान में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा नेतृत्व वाली सरकारों की नीतियों से छोटे एवं मझोले कारोबारियों के लिए भी दो वक्त की रोटी जुटाना मुश्किल हो गया है। ऐसे में भाजपा से देश-प्रदेश को बचाने के बाद ही आगे स्थिति में सुधार हो सकता है।

उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के माध्यम से ही कांग्रेस की सरकारों ने भारत की सामाजिक, आर्थिक तथा राजनैतिक मजबूती के लिए महत्वपूर्ण काम किये थे। समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने वाली कांग्रेस एक बार फिर संगठन को मजबूत बनाकर प्रदेश और देश में मजबूत सरकार देगी तथा आम लोगों के रोजीरोटी का संकट दूर होगा।

वाराणसी के पिंडरा क्षेत्र से कई बार विधायक रहे राय ने आरोप लगाया कि देश के साठ-सत्तर प्रतिशत संसाधनों पर मोदी के उद्योगपति मित्रों का कब्जा हो चुका है। वाराणसी में ज्यादातर बड़ी परियोजनाओं पर उन्हीं उद्योगपतियों का कब्जा है और स्थिति यह है कि उनमें काम करने के लिए बड़ी संख्या में गुजराती मजदूर लाये गये हैं। छह वर्षों में स्थानीय लोगों को कोई खास आर्थिक लाभ नहीं दिया गया।  

मोदी के खिलाफ वाराणसी से वर्ष 2014 एवं 2019 में लोक सभा चुनावी मुकाबला कर चुके कांग्रेस नेता ने कहा कि लगातार बढ़ती मंहगाई एवं बेरोजगारी ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। लेकिन दुर्भाग्य की बात है कि केंद्र मोदी एवं उत्तर प्रदेश की योगी सरकारें अपने झूठे आंकड़ों के सहारे जोरदार प्रचार अभियानों से लोगों की आंखों धूल झोंकने का सिलसिला जारी रखे हुए है। इस वजह से लगता है कि उन नेताओं के पास मानवता के लिए कोई जगह नहीं है।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश सचिव तथा संगठन सृजन अभियान के प्रभारी इमरान खान ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि हरहुआ समेत पूरे जिले में संगठन सृजन की प्रक्रिया को मजबूत कर कांग्रेस को उत्तर प्रदेश में मजबूत करने का राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के सपने को पूरा करना है। उन्होंने कहा कि पार्टी की उत्तर प्रदेश प्रभारी गांधी तथा उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश तथा आव्‍हान पर वाराणसी जिले तथा महानगर के आठों ब्लाकों तथा वार्डों में कांग्रेस के सांगठनिक मजबूती के निमित चलाये जा रहे संगठन सृजन अभियान भाग-दो के तहत आज का कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »