29 Mar 2024, 10:44:20 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
State

दुष्कर्म के कुख्यात आरोपी प्यारे मियां की मुश्किलें और बढ़ीं

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Jul 14 2020 4:33PM | Updated Date: Jul 14 2020 4:34PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल की पुलिस नाबालिग लड़कियों के यौन शोषण से जुड़े मामले के खुलासे के बाद कुख्यात आरोपी प्यारे मियां पर शिकंजा और कसती जा रही है। उसकी गिरफ्तारी पर इनाम भी बढ़ा दिया गया है और उसके ठिकानों पर छापे की कार्रवाई जारी है। 
पुलिस सूत्रों के अनुसार प्यारे मियां के आज यहां श्यामला हिल्स थाना क्षेत्र में स्थित आलीशान फ्लैट पर छापे की कार्रवाई की गयी।
 
इस दौरान कीमती शराब की बोतलें, दस्तावेज, अश्लील सामग्री और अन्य सामान मिला है। प्यारे मियां (68) से संबंधित मामले की जांच के लिए एक विशेष कार्य बल (एसआईटी) बना दिया गया है। वहीं कल रात कोहेफिजा थाने में एक अन्य लड़की और उसके परिजनों ने प्यारे मियां के खिलाफ दुष्कर्म और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कराया है।
 
इसके पहले रविवार की रात यहां रातीबड़ थाने में पांच नाबालिग लड़कियों की शिकायत पर प्यारे मियां के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण संबंधी अधिनियम (पाक्सो) तथा अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में एक अन्य व्यक्ति और एक युवती को भी आरोपी बनाया गया है। इस घटना के बाद से ही प्यारे मियां गायब हो गया है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर दस हजार रुपए इनाम घोषित किया था, जिसे कल बढ़ाकर 30 हजार रुपए कर दिया गया।  
 
प्यारे मियां की गिरफ्तारी के संबंध में कल एक टीम पड़ोसी सीहोर जिले के आष्टा पहुंची थी और वहां से दो तीन युवकों को हिरासत में लेने के साथ ही एक कार कब्जे में ली गई है। यह कार आरोपी प्यारे मियां की बतायी गई है। पुलिस और प्रशासन मिलकर प्यारे मियां की अवैध तरीके से बनायी गई संपत्तियों का पता लगाकर उसके खिलाफ भी कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में कल यहां पुराने शहर में बनाया गया शादी हॉल गिरा दिया गया। इसके पास स्थित एक अन्य भवन आज तोड़ा गया। 
 
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कल यहां कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान नाबालिग लड़कियों के साथ ज्यादती की घटना पर नाराजगी जताते हुए सख्त कार्रवाई के लिए कहा था। इसके बाद प्यारे मियां की राज्य स्तरीय अधिमान्यता तत्काल समाप्त कर दी गई और उसके नाम पर दर्ज सरकारी आवास भी रिक्त कराने के आदेश हो गए। प्यारे मियां एक समाचारपत्र का प्रधान संपादक है। अब उसके सभी काले कारनामे खोले जा रहे हैं।
 
दो दिन पहले रात्रि में यहां रातीबड़ थाना क्षेत्र में पुलिस को गश्त के दौरान चार पांच नाबालिग लड़कियां मिली थीं। पूछताछ में लड़कियों ने बताया कि उन्हें कुछ लोग यहां एक मकान पर जन्मदिन की पार्टी में लाए थे। इस दौरान उनके साथ अश्लील हरकतें, दुष्कर्म का प्रयास और दुष्कर्म किया गया। इन नाबालिग लड़कियों को शराब भी पिलायी गई और बाद में उन्हें वहां से रवाना कर दिया गया। ये लड़कियां काफी सहमी हुई थीं और विशेषज्ञों से उनकी काउंसलिंग भी करायी गई।
 
पुलिस इन लड़कियों से पूछताछ के बाद रातीबड़ थाने में प्यारे मियां (68) और उसकी कथित सहयोगी 22 वर्षीय युवती के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। बताया गया है कि इस मकान में किसी व्यक्ति के जन्मदिन की पार्टी मनायी जा रही थी और तथाकथित बड़े लोग भी इसमें शामिल हुए थे। अब प्यारे मियां और उसके सहयोगी पुलिस के निशाने पर आ गए हैं।
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »