भोपाल। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष जे पी नड्डा ने आज दिल्ली से ऑनलाइन 'सेवा ही संगठन' कार्यक्रम के तहत कोरोनाकाल में पार्टी द्वारा देश भर में किए गए कार्यों की समीक्षा के दौरान मध्यप्रदेश इकाई द्वारा किए गए सेवा कार्यो की प्रशंसा की। प्रदेश भाजपा की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार प्रधानमंत्री और नड्डा ने देश के सात राज्यों के संगठन से दिल्ली से ऑनलाइन चर्चा की।
यहां भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान ने प्रदेश पदाधिकारियों और पार्टी कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में प्रधानमंत्री का उद्बोधन सुना। इसी प्रकार प्रदेश भर में कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री और अध्यक्ष का उदबोधन सुना। भोपाल में इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष विजेश लूनावत, कार्यालय मंत्री सत्येन्द्र भूषण सिंह, प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर और प्रदेश शासन के मंत्री विश्वास सारंग भी मौजूद थे।