20 Apr 2024, 19:08:38 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
State

कांग्रेस देश को मजबूत होते नहीं देखना चाहती: दिनेश शर्मा

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Feb 24 2020 1:37AM | Updated Date: Feb 24 2020 1:37AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

फिरोजाबाद।  उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने अमेरिका के राष्ट्रपति के आगमन  को लेकर कांग्रेस द्वारा उठाए जा रहे सवालों को गैर जरूरी बताते हुए कहा कि कांग्रेस की मंशा है भारत मजबूत नहीं होने पाए इसीलिए वह देश की सैन्य व्यवस्था और विदेशी कूटनीति पर सवाल उठाती रहती है।  डा शर्मा ने आज यहां संवाददाताओं से कहा कि अमेरिका के साथ बेहतर सम्बंधों का लाभ भारत को ही मिलेगा।  इसका हाल में उदाहरण देखने को मिला है, जब अमेरिका भारत पाकिस्तान से जुडे एक प्रकरण में हमारे पक्ष में खडा नजर आया।  यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की कूटनीति की जीत थी। 
 
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को यह ध्यान में रखना चाहिए कि अमेरिका के साथ अच्छे सम्बंध भारत के हित में आवश्यक हैं।  दिल्ली के शाहीन बाग के सवाल पर उन्होंने कहा कि कुछ लोग नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के बारे में दुष्प्रचार कर रहे हैं।  उन्होंने कहा कि सडक रोकना न्यायालय की अवहेलना व नागरिकों के अधिकार का हनन है।  सरकार समय पर कडी कार्रवाई करेगी।  यूपी में नई पार्टी के आगमन एवं विस्तार के सवाल पर उन्होंने कहा कि इससे भाजपा पर नहीं बल्कि अन्य दलों  पर असर पडेगा। 
 
इसके पूर्व एसआरके शिक्षण संस्थान के शताब्दी समारोह में केन्द्रीय मानव संसाधन मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक और  भाजपा महासचिव डॉ. अनिल जैन की उपस्थिति में उन्होंने कहा कि पिछली गैर भाजपा सरकारों के समय में प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था खस्ताहाल हो गई थी।  परीक्षा व्यवस्था व्यवसाय बन गई थी और लाखों रूपए में परीक्षा केन्द्र बिकने की चर्चा होती थीं।  उन्होंने कहा कि समय के बदलाव के साथ ही देश व प्रदेश की स्थितियां भी बदली हैं। 
 
केन्द्र सरकार जहां देश में नई शिक्षा नीति लाने जा रही है वहीं प्रदेश में सरकार ने प्रयास किया है कि गुणवत्ता परक शिक्षा हो तनावमुक्त विद्यार्थी हों ,नकल विहीन परीक्षा हो तथा सुखी मन शिक्षक हों।  आज प्रदेश में शान्तिपूर्ण तरह से नकलविहीन परीक्षाएं सम्पादित हो रही हैं।  नकल माफिया के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई के निर्देश दिए गए है।  शर्मा ने कहा कि आज दूसरे प्रदेश से आकर परीक्षा देने वालों की संख्या कम हुई है।  परीक्षा छोडने वालों की सख्या में भी कमी आ रही है। 
 
नकल करने वालों को समझ में आ चुका है कि पढेंगे तभी आगे बढ पाएंगे।  सरकार की सख्ती के कारण ही आज नकल माफिया की दाल नहीं गल पा रही है और वे अब विलुप्त होते जा रहे हैं।  उन्होंने शोध कार्य पर विशेष बल दिया गया है।  उन्होंने विदेश यात्रा के अपने अनुभव को साझा करते हुए कहा कि पहले हिन्दुस्तान के लोगों को विदेश में कमजोर और गरीब माना जाता था पर मोदी सरकार के आने के बाद इस धारणा में बदलाव आया है।  भारतीयों की क्षमता का लोहा आज अमेरिका भी मान रहा है। 
 
अमेरिका के राष्ट्रपति भी यह कहते हैं कि इन भारतीयों से बचकर रहना कहीं यह अमेरिका के लोगों के रोजगार को छीन न लें।  उप मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी संस्था के 100 वर्ष पूर्ण होना गौरवशाली क्षण है तथा यही वह समय है जब आगे की रूपरेखा पर विचार किया जा सकता है।  पुरातन छात्रों  के सम्मान के समय उनकी आंखों की चमक बता रही थी कि इन छात्रों ने अपने अपने क्षेत्र में विशिष्ट दर्जा हासिल किया है।  कोई भी संस्था जो शिक्षा के क्षेत्र 100 वर्ष पूरे करती है जरूर उसने शिक्षा पर विशेष बल दिया होगा।  
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »