इंदौर। इंदौर में लॉकडाउन नहीं लगेगा, यह निर्णय सोमवार को हुई आपदा प्रबंधन समिति की बैठक में लिया गया। इसके तहत अब रविवार को कर्फ्यू लगेगा और लोगों के बाहर घूमने पर पाबंदी रहेगी। केवल दवाई दुकान खुल सकेंगी। दूध का वितरण भी सिर्फ सुबह होगा। लॉकडाउन को देखते हुए नगर निगम की टीम भी अब फिर से सख्ती बरतने के मूड में नजर आने लगी है।
बैठक में अभी शहर को लॉक नहीं करने को लेकर सहमति बनी। हालत नहीं सुधरने पर लॉकडाउन की ओर जाने की बात कही गई। पुलिस-प्रशासन और नगर निगम कानून का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ सख्ती करेगा। रविवार का लॉकडाउन जारी रहेगा। बाजार 9 की जगह अब 8 बजे बंद होंगे। मंडी और कुछ बाजार को संकेतिक रूप से लॉक किया जाएगा। 56 दुकान पर अब सिर्फ होम डिलीवरी की ही सुविधा रहेगी। ऑड-ईवन के बजाय अब लेफ्ट और राइट में दुकानें खुलेंगी। एक-दो दिन में इस पर निर्णय लिया जाएगा।
कलेक्टर मनीष सिंह के मुताबिक यह भी तय किया गया है कि मंगलवार से आगामी 5 दिनों तक चोइथराम मंडी, निरंजनपुर मंडी के अलावा सिंधी कॉलोनी और जेल रोड को बंद रखा जाएगा। 56 दुकान पर भी टेकअवे की अनुमति नहीं रहेगी, सिर्फ होम डिलीवरी को ही परमिशन देंगे। मार्केट में दुकानें भी एक-एक साइड की खुलेंगी। रात्रि कर्फ्यू का पालन रात 8 बजे से सख्ती से कराया जाएगा। राजनीतिक आयोजनों में भी सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क ना लगाने पर कार्रवाई की जाएगी।