गुवाहाटी। असम में बराक घाटी में सोमवार की रात भूस्खलन की दो घटनाओं में कम से कम 20 लोगों की मौत हो गयी। मृतकों में बच्चे भी शामिल हैं। आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मूसलाधार बारिश के कारण बराक घाटी के कछार, हैलाकांडी और करीमगंज जिले में कई स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएं हुईं। अब तक करीमगंज और हैलाकांडी में सात-सात और कछार से छह लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। उन्होंने बताया कि मलबों में बहुत से लोग दबे हुए हैं, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। भूस्खलन से बहुत से मकानों को भी नुकसान पहुंचा है। मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवदेना व्यक्त की है। उन्होंने घटना में घायलों के उपचार और राहत में तेजी लाने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने मृतकों के परिवार को अनुग्रह राशि का शीघ्र भुगतान किये जाने के भी निर्देश दिये हैं।