नोखा। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि पर्यावरण संरक्षण के लिए ‘राज्य पर्यावरण योजना, एवं हर जिले के लिए ‘जिला पर्यावरण योजना‘ बनाई जायेगी। गहलोत ने आज राजस्थान में बीकानेर जिले के मुकाम गांव में अखिल भारतीय विश्नोई महासभा के अधिवेशन को संबोधित करते हुए कहा कि वनों की उत्पादकता एवं लघु वन उपज बढ़ाने के लिए ‘राज्य वन विकास निगम‘ की स्थापना की जायेगी। उन्होंने कहा कि विश्नोई समाज के संस्थापक संत गुरू जम्भेश्वरजी ने वन, वन्य जीव एवं पर्यावरण संरक्षण का महान संदेश दिया था जिसकी वर्तमान में बहुत आवश्यकता है।
इस अवसर पर उन्होंने गुरू जम्भेश्वर भगवान विश्नोई तीर्थ स्थल, मुक्ति धाम में पूजा-अर्चना करके राज्य की खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ पर्यावरण के बिना जीवन सम्भव नहीं है। पूरा विश्व आज प्रदूषण की समस्या से चिंतित है।
कई शहरों में तो प्रदूषण का स्तर इतना बढ़ चुका है कि सांस लेना ही मुश्किल है। गहलोत ने कहा कि वनों एवं पर्यावरण के संरक्षण में विश्नोई समाज का महत्वपूर्ण योेगदान है। इस समाज की वीरांगना अमृतादेवी ने पेड़ों को बचाने के लिए अपना बलिदान दे दिया। विश्नोई समाज से प्रेरणा लेकर सभी को वनों को बचाने और उनके विस्तार के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि गुरू जाम्भोजी महाराज ने समाज में फैली कुरीतियों को दूर करने एवं स्वस्थ जीवन शैली के लिए 29 नियम बनाए थे।
राज्य सरकार ने भी ‘पहला सुख निरोगी काया’ के मूलमंत्र को अपनाते हुए राज्य के लोगों को स्वस्थ रखने के लिए निरोगी राजस्थान अभियान प्रारम्भ किया है। विश्नोई समाज सहित समस्त प्रदेशवासी इस अभियान को सफल बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं। गहलोत ने कहा कि सरकार ने किसान कल्याण की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। किसानों को संबल देने के लिए एक हजार करोड़ रूपए की लागत से किसान कल्याण कोष का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों के कर्ज माफ किए हैं।
राज्य के वर्ष 2020-21 के बजट में दूसरा संकल्प किसान भाइयों के लिए है। सरकार अगले साल 150 करोड़ रुपए की लागत से खेतों में 12 हजार 500 तालाबों का निर्माण करवाएगी। खेती के लिए 25 हजार सौलर पंप लगाए जाएंगे। सरकार जनहित में इसी तरह लगातार फैसले लेती रहेगी।
अधिवेशन को अखिल भारतीय विश्नोई महासभा के संरक्षक कुलदीप विश्नोई, वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री सुखराम विश्नोई, विधायक महेन्द्र विश्नोई, बिहारीलाल विश्नोई, किशनाराम विश्नोई, पब्बाराम विश्नोई, अखिल भारतीय विश्नोई महासभा के अध्यक्ष हीराराम भंवाल एवं हरियाणा के विधायक दुड़ाराम विश्नोई ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री डॉ. बीडी कल्ला, उच्च शिक्षा राज्यमंत्री भंवरसिंह भाटी, विधायक गोविन्दराम मेघवाल, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रामेश्वर डूडी, मुकाम पीठाधीश्वर स्वामी रामानंदजी आचार्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में विश्नोई समाज के लोग एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।