19 Apr 2024, 21:07:42 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Sport

सतेन्द्र तेनजिंग नोर्गे अवार्ड पाने वाले देश के पहले दिव्यांग खिलाड़ी बने

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Aug 30 2020 12:12AM | Updated Date: Aug 30 2020 12:13AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

भोपाल। मध्यप्रदेश के समाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण मंत्री प्रेम सिंह पटेल ने आज राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द द्वारा मध्यप्रदेश के पैरा-तैराक सतेन्द्र सिंह लोहिया को तेनजिंग नोर्गे साहसिक पुरस्कार और मलखम्भ प्रशिक्षक योगेश मालवीय को द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित होने पर बधाई दी है। कोविड-19 के कारण यह पुरस्कार विडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से खिलाड़ी द्वय को भोपाल में दिया गया। इस अवसर पर प्रमुख सचिव खेल एवं युवा कल्याण पंकज राग भी उपस्थित थे। सतेन्द्र सिंह यह अवार्ड पाने वाले देश के पहले दिव्यांग खिलाड़ी बन चुके हैं।

लोहिया अमेरिका में 42 किलोमीटर की केटलीना चैनल सिर्फ 11:34 घंटे में तैरकर पार करने वाले पहले एशियाई दिव्यांग तैराक बने थे। चैनल में पानी का तापमान लगभग 12 डिग्री होने के साथ ही शार्क मछलियों के हमले का खतरा भी बना रहता है। दिन में तेज चलने वाली हवाओं से बचने के लिये लोहिया ने यह चैनल रात में पार किया, जो एक बड़ी चुनौती थी। ग्वालियर जिले के ग्राम गाता के रहने वाले लोहिया के पिता गयाराम लोहिया वर्तमान में ग्वालियर के मुथूट फायनेंस में सिक्यूरिटी गार्ड हैं।

लोहिया इंदौर में वाणिज्यिक कर विभाग में कार्यरत हैं। वे कहते हैं मैंने अपनी दिक्कतों को ही अपनी ताकत बना लिया है। दिव्यांगों को सहानुभूति की नहीं, सहयोग और सम्मान की जरूरत होती है। विश्व दिव्यांग दिवस पर उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू द्वारा सर्वश्रेष्ठ दिव्यांग खिलाड़ी नेशनल अवार्ड से सम्मानित पैरा-स्वीमर सतेन्द्र सिंह को मध्यप्रदेश के सर्वोच्च खेल अवार्ड से भी नवाजा जा चुका है। लोहिया ने ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में ओलम्पिक स्वीमिंग एनएसडब्ल्यू-2017 स्टेट ओपन चैम्पियनशिप में भारत के लिये स्वर्ण-पदक जीता।

उन्होंने मई-2017 में ओपन वाटर सी-स्वीमिंग फीट ऑफ 33 किलोमीटर को पार किया। लोहिया ने 24 जून, 2018 को इंग्लिश चैनल स्वीमिंग में पैरा-स्वीमिंग रिले टीम के माध्यम से कीर्तिमान स्थापित किया और 18 अगस्त, 2019 को कैटलीना इंग्लिश चैनल पार कर इतिहास रचा। राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में सतेन्द्र ने मध्यप्रदेश के लिये 12 रजत एवं 8 काँस्य-पदक हासिल किये हैं।

 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »