नई दिल्ली। वर्ष 2022 में बर्मिंघम में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों से निशानेबाजी और तीरंदाजी को बाहर कर दिया गया था लेकिन भारत के लगातार प्रयासों के बाद इन राष्ट्रमंडल खेलों की निशानेबाजी और तीरंदाजी प्रतियोगिता की मेजबानी भारतीय शहर चंडीगढ़ करेगा। राष्ट्रमंडल खेल महासंघ (सीजीएफ) के कार्यकारी बोर्ड ने लंदन में 21 से 23 फरवरी तक हुई अपनी बैठक में राष्ट्रमंडल खेल तीरंदाजी और निशानेबाजी को जनवरी 2022 में भारत के चंडीगढ़ शहर में कराने को अपनी मंजूरी दे दी। सीजीएफ ने अपनी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, कार्यकारी बोर्ड का फैसला पुष्टि करता है कि चंडीगढ़ 2022 और बर्मिंघम 2022 अलग-अलग राष्ट्रमंडल खेल स्पर्धाओं के आयोजन वाले शहर होंगे।
बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों के समापन समारोह के एक सप्ताह बाद सीजीएफ पदक तालिका जारी करेगा जिसमें चंडीगढ़ 2022 राष्ट्रमंडल खेल तीरंदाजी और निशानेबाजी मुकाबलों के परिणाम शामिल होंगे। सीजीएफ के अध्यक्ष डेम लुईस मार्टिन और उसके सीईओ डेविड ग्रेवेमबर्ग ने इस खबर की पुष्टि भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) के अध्यक्ष रणइंदर सिंह को कर दी है। राष्ट्रमंडल खेलों की निशानेबाजी और तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजित होना भारत के लिए एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।