17 Apr 2024, 02:08:25 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » National

विदेशी मुद्रा भंडार बढ़कर 633 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Sep 3 2021 9:43PM | Updated Date: Sep 3 2021 9:43PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्‍ली। देश का विदेशी मुद्रा भंडार 27 अगस्त को समाप्त सप्ताह में 16.663 अरब डॉलर बढ़कर 633.558 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने शुक्रवार को अपने ताजा आंकड़ों में यह जानकारी दी। विदेशी मुद्रा भंडार में यह वृद्धि मुख्य तौर पर विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) होल्डिंग में वृद्धि से हुई है। RBI ने कहा कि आलोच्य सप्ताह में भारत की एसडीआर हिस्सेदारी 17.866 अरब डॉलर से बढ़कर 19.407 अरब डॉलर पर पहुंच गई। अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) अपने सदस्यों को बहुपक्षीय ऋण देने वाली एजेंसी में उनके मौजूदा कोटा के अनुपात में सामान्य एसडीआर का आवंटन करता है। एसडीआर हिस्सेदारी किसी देश के विदेशी मुद्रा भंडार घटकों में से एक है और काफी महत्वपूर्ण है। RBI के अनुसार इससे पहले 20 अगस्त, 2021 को समाप्त सप्ताह में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 2.47 अरब डॉलर घटकर 616.895 अरब डॉलर रह गया था। 

विदेशी मुद्रा भंडार में विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां अहम हिस्सा होती है। आलोच्य सप्ताह के दौरान यह 1.409 अरब डॉलर घटकर 571.6 अरब डॉलर रह गई, जो समग्र भंडार का एक प्रमुख घटक है। डॉलर के लिहाज से बताई जाने वाली विदेशी मुद्रा संपत्ति में विदेशी मुद्रा भंडार में रखी यूरो, पाउंड और येन जैसी दूसरी विदेशी मुद्राओं के मूल्य में वृद्धि या कमी का प्रभाव भी शामिल होता है। इस दौरान स्वर्ण भंडार 19.2 करोड़ डॉलर बढ़कर 37.441 अरब डॉलर हो गया। वहीं देश का आईएमएफ के पास आरक्षित भंडार 1.4 करोड़ डॉलर बढ़कर 5.11 अरब डॉलर हो गया।
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »