16 Apr 2024, 11:42:02 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Business

सिर्फ एक-तिहाई उड़ानें होंगी शुरू, यात्रियों को देना होगा ‘सेल्फ डिक्लेयरेशन’

By Dabangdunia News Service | Publish Date: May 21 2020 3:56PM | Updated Date: May 21 2020 4:01PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्ली। कोरोना वायरस (कोविड-19) महामारी के कारण दो महीने तक बंद रहने के बाद घरेलू यात्री उड़ानें 25 मई से कईं नये दिशा-निर्देशों के साथ दुबारा शुरू हो रही हैं जिनमें अधिकतम और न्यूनतम किराया सरकार की ओर से तय किया जायेगा तथा यात्रियों के लिए एक ‘सेल्फ डिक्लेयरेशन’ देना, हवाई अड्डे पर कम से कम दो घंटे पहले पहुँचना और आरोग्य सेतु ऐप का इस्तेमाल अनिवार्य किया गया है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय के आदेश में कहा गया है कि 25 मई से नियमित उड़ानों में सिर्फ एक-तिहाई का ही परिचालन होगा। बाद में धीरे-धीरे उड़ानों की संख्या बढ़ाई जायेगी।
 
मंत्रालय ने बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं तथा बीमार व्यक्तियों को यथासंभव यात्रा न करने की सलाह दी है। विमान सेवा कंपनियों को मंत्रालय द्वारा निर्देशित अधिकतम और न्यूनतम किराये की सीमा का पालन करना होगा। मंत्रालय दूरी के हिसाब से किराये की सीमा तय करेगा ताकि एयरलाइन महामारी के समय यात्रियों की मजबूरी का नाजायज फायदा न उठा सकें। यात्रियों के लिए वेबचेकइन अनिवार्य होगा तथा उन्हें स्वयं ही बोर्डिंग पास प्रिंट करना होगा।
 
हवाई अड्डे पर चेक इन की सुविधा नहीं होगी। हर यात्री को सिर्फ एक चेक्डइन बैगेज और एक हैंड बैगेज की अनुमति होगी। चेक्डइन बैगेज के लिए टैग भी स्वयं प्रिंट कर यात्रियों को लगाना होगा। यात्रियों के लिए जारी दिशा-निर्देशों में एक नौ प्वाइंट का ‘सेल्फ डिक्लेयरेशन’ अनिवार्य किया गया है जिसके देने के बाद ही वे बोर्डिंग पास डाउनलोड कर पायेंगे। यात्रियों का हवाई अड्डे पर कम से कम दो घंटे पहले पहुँचना अनिवार्य किया गया है। टर्मिनल के अंदर भीड़ कम रखने के लिए सिर्फ उन्हीं यात्रियों को टर्मिनल बिल्डिंग में प्रवेश करने दिया जायेगा जिनकी उड़ान अगले चार घंटे में है।
 
टर्मिनल में प्रवेश से पहले ही उनकी थर्मल स्क्रीनिंग की जायेगी और बिना लक्षण वाले यात्रियों को ही प्रवेश की अनुमति मिलेगी। यात्रियों के लिए उनके मोबाइल में आरोग्य सेतु ऐप होना अनिवार्य किया गया है। ऐप पर हरा संकेत नहीं दिखने पर प्रवेश नहीं दिया जायेगा हालाँकि 14 साल से कम उम्र के बच्चों को आरोग्य सेतु ऐप की अनिवार्यता से छूट दी गयी है। कोविड-19 के संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए 25 मार्च से देश में सभी यात्री उड़ानें बंद हैं। नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बुधवार को घोषणा की थी कि 25 मई से घरेलू यात्री उड़ानें दुबारा शुरू होंगी। अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें बाद में शुरू की जायेंगी। 
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »