25 Apr 2024, 02:00:54 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Business

छत्तीसगढ़ में चालू वित्त वर्ष में जीएसडीपी 5.32 प्रतिशत रहने की उम्मीद

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Mar 3 2020 1:26AM | Updated Date: Mar 3 2020 1:26AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

रायपुर। छत्तीसगढ़ में चालू वित्त वर्ष में सकल घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) की विकास दर स्थिर भावों पर 5.32 प्रतिशत अनुमानित है,जबकि प्रति व्यक्ति आय में 6.35 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई है। राज्य के योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी मंत्री अमरजीत भगत द्वारा आज विधानसभा में रखे गए आर्थिक सर्वेक्षण के अनुसार राज्य का सकल घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) की विकास दर स्थिर भावों पर 5.32 प्रतिशत अनुमानित है, जो देश की अनुमानित विकास दर 5 प्रतिशत से अधिक है।
 
इसी प्रकार छत्तीसगढ़ में जीएसडीपी के घटकों की स्थिर भावों पर विकास दर राष्ट्रीय स्तर से अधिक रहने का अनुमान है। आर्थिक सर्वेक्षण के अनुसार प्रदेश के कृषि एवं सम्बद्ध क्षेत्र में वर्ष 2019-20 में 3.3 प्रतिशत वृद्धि अनुमानित है, जो देश की इस क्षेत्र की विकास दर 2.8 प्रतिशत से अधिक है। इसी प्रकार प्रदेश में औद्योगिक क्षेत्र की विकास दर 4.9 प्रतिशत अनुमानित है, जो अखिल भारतीय वृद्धि दर 2.5 प्रतिशत से तुलनात्मक रूप से बेहतर रहने का अनुमान है। इसी प्रकार सेवा क्षेत्र में 6.6 प्रतिशत की वृद्धि दर अनुमानित है।
 
जीएसडीपी में स्थिर भाव (वर्ष 2011-12) में प्रदेश के कृषि क्षेत्र की वृद्धि दर 16.81 प्रतिशत अनुमानित है, जबकि देश में इस क्षेत्र की वृद्धि दर स्थिर भावों पर 14.09 प्रतिशत अनुमानित है। प्रदेश की विकास दर में कृषि क्षेत्र का योगदान तीसरे स्थान पर है। इसी प्रकार औद्योगिक क्षेत्र की विकास दर 46.19 प्रतिशत रहने का अनुमान है, जो राष्ट्रीय स्तर की अनुमानित विकास दर 30.57 प्रतिशत से अधिक है। प्रदेश के विकास दर में औद्योगिक क्षेत्र का योगदान प्रथम स्थान पर है। इसी तरह सेवा क्षेत्र की स्थिर भावों पर विकास दर 37 प्रतिशत अनुमानित है।
 
आर्थिक विकास के साथ सेवा क्षेत्र के योगदान में वृद्धि होती है। छत्तीसगढ़ में यह प्रवृत्ति दर्शित हो रही है। आर्थिक सर्वेक्षण के अनुसार राज्य का सकल घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) वर्ष 2018-19 की तुलना में 5.32 प्रतिशत की वृद्धि अनुमानित है। जिसमें कृषि एवं सम्बद्ध क्षेत्र (कृषि, पशुपालन, मत्स्य एवं वन) में 3.31 प्रतिशत, उद्योग क्षेत्र (निर्माण, विनिर्माण, खनन एवं उत्खनन, विद्युत, गैस तथा जल आपूर्ति सहित) में 4.94 प्रतिशत एवं सेवा क्षेत्र में 6.62 प्रतिशत वृद्धि अनुमानित है।
 
राज्य में प्रति व्यक्ति आय वर्ष 2018-19 के त्वरित अनुमान के अनुसार 92 हजार 413 रूपए से बढ़कर वर्ष 2019-20 में 98 हजार 281 रूपए होना अनुमानित है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 6.35 प्रतिशत वृद्धि दर्शाता है। राज्य में 6.35 प्रतिशत प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि दर्ज की गई है, आर्थिक विकास के साथ प्रति व्यक्ति आय में भी वृद्धि होगी। 
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »