29 Mar 2024, 19:23:59 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » National

SC की किसानों को फटकार, आपको विरोध का अधिकार पर सड़कों को ब्लॉक नहीं रखा जा सकता

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Oct 21 2021 2:45PM | Updated Date: Oct 21 2021 3:09PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्ली। किसान आंदोलन और सड़क से किसानों को हटाने की मांग वाले मामले में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई फिलहाल टल गई है। किसानों द्वारा हाईवे जाम पर सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि किसानों को विरोध करने का अधिकार है, लेकिन सड़कों को अनिश्चित काल के लिए अवरुद्ध नहीं किया जा सकता। अदालत ने किसान यूनियनों से सड़कों से विरोध कर रहे किसानों को हटाने की मांग वाली याचिका पर अपना जवाब दाखिल करने को कहा है। अब इस मामले की सुनवाई 7 दिसंबर को होगी। 
 
दूसरी तरफ जानकारी ये भी है कि किसानों ने गाजीपुर बार्डर नेशनल हाईवे 24 पर रास्ता खोल दिया है। सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक भारतीय किसान संघ (बीकेयू) के नेता राकेश टिकैत सहित किसानों ने गाजीपुर बॉर्डर पर फ्लाईओवर के नीचे दिल्ली जाने वाली सर्विस लेन को खोल दिया है, वहां से बैरिकेड हटा दिए गए हैं। किसानों ने सबसे पहले इसी रास्ते को रोका था। रास्ता खोलने का फैसला मामला सुप्रीम कोर्ट में जाने के बाद लिया गया है।
 
मामले की सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस एसके कौल ने आज कहा कि सड़कें क्लियर होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हम बार-बार कानून तय करते नहीं रह सकते। आपको आंदोलन करने का अधिकार है, मगर सड़क अनिश्चितकाल के लिए ब्लॉक नहीं कर सकते। अब कुछ समाधान निकालना होगा। हमें सड़क जाम के मुद्दे से समस्या है। 
 
दरअसल, याचिकाकर्ता ने मांग की थी कि नोएडा से दिल्ली को जोड़ने वाली सड़कें किसान आंदोलन के चलते बंद हैं और इसकी वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इन सड़कों को खोला जाना चाहिए। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने पिछली सुनवाई में केंद्र सरकार से कहा था कि आखिर अब तक सड़कें बंद क्यों हैं। प्रदर्शन करने में कोई बुराई नहीं है, लेकिन सड़कें ब्लॉक नहीं होनी चाहिए। 
 
गौरतलब है कि तीनों कृषि कानूनों के खिलाफ हरियाणा, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसान दिल्ली में बीते कई महीनों से प्रदर्शन कर रहे हैं। किसान संगठन और सरकार के बीच कई दौर की वार्ता भी हो चुकी है, लेकिन अभी तक इसका हल नहीं निकल पाया है। किसान तीनों कानूनों को वापस लेने की अपनी मांग पर अड़े हुए हैं। किसान दिल्ली से लगने वाली सीमाओं पर सड़क पर आंदोलनरत हैं। किसान आंदोलन के कारण से दिल्ली जाने वाली कईं सड़कें बंद है। इसका सबसे ज्यादा असर रोजाना ऑफिस जाने वाले, व्यापारियों और अन्य यात्रियों पर पड़ रहा है। उन्हें वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है।
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »