टोक्यो। जापान में सत्तारुढ लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी के नए नेता योशिहिदे सुगा होंगे और वह शिंजो आबे की जगह देश के नये प्रधानमंत्री बनेंगे। सोमवार को पार्टी के आंतरिक मतदान में जापान के मुख्य कैबिनेट सचिव योशिहिदे सुगा ने जीत हासिल की। उनका मुकाबला पूर्व विदेश मंत्री फुमियो किशिदा और पूर्व रक्षा मंत्री शिगेरु इशिबा से था।
मतदान में श्री सुगा ने 377 मत हासिल हुए, वहीं श्री किशिदा को 89 मत और श्री इशिबा 68 मत मिले। इस तरह श्री सुगा के प्रधानमंत्री बनने का मार्ग प्रशस्त हो गया। जापान की संसद बुधवार को सुगा के देश का अगला शासनाध्यक्ष बनने की घोषणा करेगी। शिंजो आबे जापान में सबसे लंबे अरसे तक प्रधानमंत्री रहे। अगस्त के आखिर में उन्हें स्वास्थ्य समस्याओं के कारण पद छोड़ने की निर्णय लेना पड़ा।