19 Apr 2024, 04:43:27 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » National

नड्डा का कांग्रेस पर तंज, कहा- कांग्रेस जनता का हौसला तोड़ने और देश.....

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Apr 4 2020 12:53AM | Updated Date: Apr 4 2020 12:54AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कांग्रेस पर आज आरोप लगाया कि जिस समय देश कोविड-19 की वैश्विक महामारी की अभूतपूर्व चुनौती का सामना कर रहा है, उस समय कांग्रेस जनता के हौसले को तोड़ने और देश को बांटने की साजिश में लगी हुई है। नड्डा ने शुक्रवार को यहां भाजपा के केन्द्रीय कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये उत्तर प्रदेश के पश्चिम, अवध, काशी, गोरखपुर, ब्रज और कानपुर के क्षेत्रीय प्रभारियों, संगठन मंत्रियों, सांसदों, विधायकों एवं जिला अध्यक्षों से चर्चा की और कोरोना के खिलाफ लड़ाई के प्रगति कार्यक्रमों की समीक्षा की।
 
कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बी. एल. संतोष, उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह एवं राज्य के संगठन महामंत्री सुनील बंसल भी उपस्थित थे। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि वैश्विक कोरोना संकट की इस घड़ी में भी केन्द्र की मोदी सरकार ने देश के गाँव, गरीब, किसान एवं महिलाओं के कल्याण के लिए कई कदम उठाते हुए उन्हें राहत देने का काम किया है। देश की आर्थिक स्थिति को मजबूती प्रदान करने के लिए केंद्र सरकार ने कई निर्णय लिए हैं जिसकी हर कोई सराहना कर रहा है लेकिन कांग्रेस पार्टी को ये दिखाई नहीं देता क्योंकि उनकी आँखों पर राष्ट्र विरोध की पट्टी लगी हुई है।                 
 
नड्डा ने कहा कि जब पूरा देश प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में एकजुट होकर कोरोना को हराने के प्रयासों में लगा है, तब कांग्रेस पार्टी के नेताओं और कुछ अन्य विपक्षी दलों द्वारा जनता के हौसलों पर हाहाकार मचाना, उनके वैचारिक दिवालियेपन को दिखाता है। आपदा की घड़ी में भी इस प्रकार की अनर्गल बातें करना देश को बांटने की उनकी साजिश को ही दर्शाता है।
 
उन्होंने कहा कि आज जहां पूरा विश्व कोरोना के खिलाफ लड़ाई में प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों का अनुसरण कर रहा है, विश्व स्वास्थ्य संगठन ने प्रधानमंत्री मोदी को दूसरे देशों के लिए प्रेरणा बताया है, वहीं कुछ विपक्षी दल बेबुनियाद और गैर-जिम्मेदाराना बयान देकर कोरोना को हराने के हमारे संकल्प को कमजोर करने में लगे हैं। ऐसा करके वे अपनी तुच्छ राजनीति का ही परिचय दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में जिस प्रकार सभी देशवासियों ने एकजुट होकर कोरोना के खिलाफ यह जंग लड़ी है, वह सराहनीय है।
 
प्रधानमंत्री ने पांच अप्रैल रात नौ बजे घर की लाइटें बंद कर, बालकनी में नौ मिनट के लिए मोमबत्ती, दीया या टॉर्च जलाने का आह्वन किया है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘मैं सभी पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील करता हूं इस संदेश को जन-जन तक पहुंचाएं तथा आगामी पांच अप्रैल रात्रि नौ बजे हम अपने घर के दरवाजों अथवा बालकनी में निकलकर टॉर्च, दिया या मोबाइल की लाइट को जलाकर इस कोरोना संकट के अंधकार को पराजित करने वाले हमारे एकजुट विश्वास के प्रकाश को फैलाएं।’’
 
नड्डा ने उत्तर प्रदेश में जरूरतमंद लोगों तक पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा प्रतिदिन भोजन उपलब्ध कराने के महाभियान की समीक्षा की और कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम की सराहना की और इसे हर जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी द्वारा कोरोना संक्रमण के खिलाफ लड़ाई में उठाये गए कदमों की सराहना करते हुए कहा कि हमारी सरकार ने दुनिया को कोरोना पर विजय प्राप्त करने की नई राह दिखाई है।
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »