नई दिल्ली। कोरोना वायरस से निपटने में रूस ने अब तक जनहानि को रोकने में सफलता पाई है। इस वायरस ने दुनिया का सबसे ताकतवर मुल्क कहे जाने वाले अमेरिका की कमर तोड़कर रख दी है। वहां मौतों की संख्या 773 हो गई है। इटली, स्पेन जैसे विकसित देश भी COVID-19 के आगे पस्त हो चुके हैं। द मॉस्को टाइम्स के अनुसार, रूस में कोरोना वायरस से अब तक एक व्यक्ति की मौत हुई है। इधर, भारत में 21 दिन के लॉकडाउन के बीच बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच फोन पर बातचीत हुई। इस दौरान कोरोना वायरस पर भी चर्चा की गई।
रूस इस वायरस को कंट्रोल करने में कैसे सफल हो रहा है, माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार शाम रूसी राष्ट्रपति से फोन पर इस बारे में भी चर्चा की होगी। दरअसल, जिस तरह से दुनिया में कोरोना वायरस ने अबतक 19 हजार से ज्यादा लोगों की जान ली है, भारत में भी 500 से ज्यादा लोग इससे संक्रमित हुए हैं, ऐसे हालात में मोदी और पुतिन के बीच हुई यह बातचीत बेहद अहम है।
दोनों नेताओं के बीच, COVID-19 के ताजा हालात पर चर्चा हुई। प्रधानमंत्री ने रूस में भारतीय छात्रों की सलामती सुनिश्चित करने के लिए रूसी अधिकारियों के सहयोग की तारीफ की और उम्मीद जताई कि ऐसा आगे भी जारी रहेगा। राष्ट्रपति पुतिन ने इस संबंध में हर तरह की मदद का आश्वासन दिया है। पीएम मोदी ने पुतिन को यह विश्वास दिलाया कि वह भारत से रूसी नागरिकों की सकुशल वापसी के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।