उज्जैन। भारत में पांच जुलाई को चन्द्र ग्रहण दिखाई नहीं देगा। शासकीय जीवाजी वैधशाला के अधीक्षक राजेन्द्र प्रकाश गुप्त ने आज यहां विज्ञप्ति में बताया कि आगामी पांच जुलाई को भारत चन्द्र ग्रहण नजर नही आयेगा। ग्रहण का प्रारंभ प्रात: आठ बजकर 34 मिनट 05 सेंकण्ड से होगा और इसका मध्यकाल दस बजें तथा अंत 11 बजकर 35 मिनट पांच सेंकण्ड पर होगा।
उन्होंने कहा कि यह प्रतिच्छाया चन्द्रग्रहण है। प्रतिच्छाया चन्द्र ग्रहण में चन्द्रमा का कोई भाग पृथ्वी की वास्तविक छाया नही ढकता है, बल्कि चन्द्रमा पृथ्वी के उपछाया वाले हिस्से से गुजरता है, जिससे उसका प्रकाश कुछ मध्यम हो जाता है। इस स्थिति को हम सामान्य रुप से चन्द्रमा के प्रकाश को देखकर अनुभव कर सकते है। इसलिये प्रतिच्छाया चन्द्र ग्रहण को सामान्यत: ग्रहण के रुप में मान्यता नही देते है।