23 Apr 2024, 22:11:03 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » National

ममता ने मोदी सरकार को सत्ता से बेदखल करने के लिए विपक्षी एकता पर दिया जोर

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Jul 24 2021 12:04AM | Updated Date: Jul 24 2021 11:43AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में हाल में हुए विधानसभा चुनाव में अपनी पार्टी की शानदार जीत से उत्साहित तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने 2024 के लोकसभा चुनावों में नरेंद्र मोदी सरकार को सत्ता से बेदखल करने के लिए विपक्षी एकता का आह्वान किया है। तृणमूल प्रमुख, जो अपने करियर के सबसे कठिन चुनावों में से एक को जीतने के बाद सबसे मजबूत विपक्षी चेहरे के रूप में उभरी हैं, जाहिर तौर पर राष्ट्रीय राजनीति में एक बड़ी भूमिका निभाने की कोशिश करती नजर आ रही हैं।

इस सप्ताह की शुरुआत में पार्टी की 'शहीद दिवस रैली' में उन्होंने अपना सालाना संबोधन हिंदी, अंग्रेजी और बंगाली में दिया था। इस दौरान बनर्जी ने विपक्षी नेताओं से मोदी सरकार को सत्ता से बेदखल करने के वास्ते एकजुट होने और'गठबंधन'के गठन की दिशा में काम शुरू करने के लिए कहा था।

तृणमूल कांग्रेस के राज्य महासचिव कुणाल घोष ने कहा, 'कोई भी इस बात से इनकार नहीं कर सकता कि ममता बनर्जी विपक्षी राजनीति के केंद्र के रूप में उभरी हैं। यदि आप उनके भाषण को देखते हैं, तो आपको पता चलेगा कि वह भाजपा विरोधी वोटों को एकत्र करना चाहती हैं और भाजपा के खिलाफ लोगों का गठबंधन बनाना चाहती हैं।' 

तृणमूल कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने नाम न छापने की शर्त पर कहा कि बनर्जी ने 2014 और 2019 के अपने अनुभवों को देखते हुए विपक्षी एकता का आह्वान किया है, जब विपक्षी खेमे में नेतृत्व, एकता और समन्वय की कमी ने भाजपा को सत्ता में आने में मदद की थी। उन्होंने कहा, '2014 और 2019 के दौरान, एक संयुक्त मोर्चा बनाने के प्रयास कारगर नहीं हुए क्योंकि चुनाव से कुछ महीने पहले इसकी पहल की गई थी। इससे मतदाताओं में स्वीकृति की भावना पैदा नहीं हुई। इस बार, हम चाहते हैं सभी मतभेदों को दूर करें और प्रक्रिया को समय से पहले शुरू करें।'

हालांकि तृणमूल कांग्रेस नेतृत्व एक मजबूत भाजपा विरोधी मोर्चा बनाने के लिए आशान्वित है लेकिन उनके खेमे के लिए सभी विपक्षी दलों को अपने राजनीतिक मतभेदों को दूर करने और साझा हित पर काम करने के लिए राजी करना एक कठिन काम होगा। हालांकि ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पार्टी के पास चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर हैं, जो उनके लिए बहुत फायदेमंद हैं। किशोर ने हाल में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) प्रमुख शरद पवार और कांग्रेस नेताओं राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा से मुलाकात की थी।

इस बीच राजनीतिक विश्लेषक विश्वनाथ चक्रवर्ती के अनुसार, तृणमूल कांग्रेस विभिन्न दलों के नेताओं के साथ किशोर के तालमेल का फायदा उठाकर उन्हें मेज पर ला सकती है। उन्होंने कहा, '2019 में विपक्षी दलों की सबसे बड़ी कमी जो निकली, वह थी भाजपा के अभियान का मुकाबला करने के लिए एक साझा रणनीति का अभाव। तृणमूल कांग्रेस की ओर से प्रशांत किशोर जैसे चुनावी रणनीतिकारों के साथ, बनर्जी के लिए उन सभी को एक मंच पर लाना तुलनात्मक रूप से आसान होगा।'

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »