29 Mar 2024, 03:17:51 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » National

Olympics का उद्घाटन समारोह, कोरोना के कारण जान गंवाने वालों को दी गई श्रंद्धांजलि

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Jul 23 2021 5:23PM | Updated Date: Jul 23 2021 5:23PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्ली। 'खेलों के महाकुंभ' ओलंपिक के उद्घाटन समारोह की शुरुआत टोक्यो के जापान नेशनल स्टेडियम में हो गई है। कोरोना महामारी के कारण इसका आयोजन एक साल देरी से हो रहा है। 23 जुलाई से आठ अगस्त तक होने वाले इन खेलों में 206 देशों से करीब 11 हजार से अधिक एथलीट 33 खेलों की 339 स्पर्धाओं में पदक जीतने के लिए अपना दमखम लगाएंगे। बता दें कि महामारी के कारण टोक्यो में आपातकाल लागू है। ऐसे में ओलंपिक के उद्धाटन समारोह में कोई दर्शक मौजूद नहीं है। इस दौरान केवल 900 अधिकारी और पत्रकार वहां मौजूद हैं। समारोह में अलग-अलग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और ओलंपिक परेड और मार्च पास्ट होगा, जहां सभी देशों के दल अपना झंडा लहराते हुए आगे बढ़ेंगे। टोक्यो ओलंपिक के उद्धाटन समारोह के दौरान कोरोना महामारी के कारण जान गंवाने वालों को श्रंद्धांजलि देने के लिए मौन रखा गया। जापानी राजधानी टोक्यो में कोविड की चिंताओं को देखते हुए टोक्यो 2020 ओलंपिक के उद्घाटन समारोह में भारतीय दल के 25 सदस्य भाग लेंगे। आईओए महासचिव राजीव मेहता ने ट्विटर पर पुष्टि की कि अंकिता रैना को उन खिलाड़ियों की सूची में शामिल किया गया है ,जो शुक्रवार शाम को इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। वहीं टेबल टेनिस टीम से मनिका बत्रा और शरथ कमल समारोह में शामिल नहीं होंगे। अमित, आशीष कुमार, मैरी कॉम उन आठ मुक्केबाजों में शामिल हैं, जो छह भारतीय अधिकारियों के साथ समारोह में मौजूद रहेंगे। भारतीय हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह और छह बार की विश्व चैंपियन मुक्केबाज मैरी कॉम के साथ दल के ध्वजवाहक होंगे।
 
केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री अनुराग ठाकुर और मंत्रालय में राज्य मंत्री निसिथ प्रमाणिक मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में उद्घाटन समारोह देखने के लिए मौजूद हैं। उनके साथ ओलंपिक पदक विजेता योगेश्वर दत्त और कर्णम मल्लेश्वरी भी मौजूद हैं। इस दौरान अनुराग ठाकुर ने कहा कि मनोबल बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने टोक्यो ओलंपिक में रवाना होने से पहले बहुत सारे एथलीट से स्वयं बात की। किसी भी खिलाड़ी के लिए ये बहुत बड़ा पल है। राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द ने शुक्रवार को कहा कि पूरे देश की उम्मीदें और प्रार्थनाएं टोक्यो ओलंपिक में भारतीय दल के साथ हैं और विश्वास व्यक्त किया कि खिलाड़ी उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे, पदक जीतेंगे और देश को गौरवान्वित करेंगे। संयुक्त राज्य अमेरिका की प्रथम महिला जिल बाइडेन टोक्यो ओलंपिक उद्घाटन समारोह में भाग लेने वाले अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगी। 2012 के बाद यह पहली बार होगा जब अमेरिकी राष्ट्रपति की पत्नी इस तरह के आयोजनों में अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगी।
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »