28 Mar 2024, 20:25:43 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » National

बड़ी खबर : कुंडली बॉर्डर पर दो किसानों की मौत

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Feb 10 2021 12:25AM | Updated Date: Feb 10 2021 12:25AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

सोनीपत। हरियाणा में सोनीपत के कुंडली बॉर्डर पर मंगलवार को कृषि कानूनों के विरोध में धरने पर बैठे हरियाणा और पंजाब के एक-एक किसान की मंगलवार को मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार पानीपत के गांव सिवाह निवासी हरेंद्र सिंह (39) कुंडली बॉर्डर पर चल रहे किसान आंदोलन में करीब ढ़ाई माह से सक्रिय था। वह लगातार कुंडली बॉर्डर पर रहकर साथी किसानों की सेवा कर रहा था। 

वह सोमवार रात को खाना खाकर अपने टैंट में सो गया था। जब वह आज सुबह नहीं उठा तो साथी किसानों ने उसे उठाने का प्रयास किया। उसके बावजूद नहीं उठने पर साथी किसानों ने चिकित्सक को बुलाया। चिकित्सक ने हरेंद्र सिंह को मृत घोषित कर दिया। मामले की सूचना के बाद पहुंची कुंडली थाना पुलिस ने सामान्य अस्पताल में हरेंद्र के शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता लग सकेगा।

दूसरा मामला आज शाम करीब पांच बजे का है। दर्शन सिंह (71 वर्ष) निवासी मोगा, पंजाब कुंडली बॉर्डर पर चल रहे किसानों के धरने में कई दिन से शामिल था। शाम के समय अचानक उसके सीने में तेज दर्द उठा और वह वहीं अपने टैंट के सामने जमीन पर लेट गया। पास से ही एक चिकित्सक को बुलाया तो जांच के बाद उसने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सक ने जांच के बाद बताया कि उसकी मौत हृदयघात से हुई है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची कुंडली पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल, सोनीपत भिजवा दिया। उसके परिजनों को इस बारे में सूचना दे दी गई है। बुधवार को उसका पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सोनीपत पहुंचने के बाद उन्हें सौंप दिया जाएगा।

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »