16 Apr 2024, 22:38:05 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » National

हरियाणा उपचुनाव : - बरोदा विस. सीट पर कांग्रेस का कब्जा बरकरार, नरवाल जीते

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Nov 11 2020 12:01AM | Updated Date: Nov 11 2020 12:04AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

चंडीगढ़। हरियाणा के सोनीपत जिले की बरोदा विधानसभा सीट के लिये हुये उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी इंदुराज नरवाल ने राज्य में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी(भाजपा)-जननायक जनता पार्टी (जजपा) गठबंधन उम्मीदवाद योगेश्वर को पराजित कर दिया है। मोहाना गांव स्थित बिट्स कॉलेज में बनाए गए मतगणना केंद्र पर सुबह आठ बजे  कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुई 20 दौर की मतगणना में श्री नरवाल को कुल 60636 तो योगेश्वर को 50070  मत मिले।
 
लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी सुप्रीमो राजकुमार सैनी 5611 मत लेकर तीसरे तो इंडियन नेशनल लोकदल(इनेलो) के जोगेंद्र सिंह मलिक 5003 मत लेकर चौथे स्थान पर रहे। इस सीट के लिये कुल 14 उम्मीदवाद मैदान में थे। इस सीट के लिये गत तीन नवम्बर को हुये उपचुनाव में 68.57 प्रतिशत मतदान हुआ था। बरोदा विधानसभा सीट कांग्रेस विधायक श्रीकृष्ण हुड्डा के निधन के कारण  रिक्त हुई थी। वह इस सीट से 2009, 2014 और 2019 में लगातार तीन बार विधायक रहे। वर्ष  2019 के विधानसभा चुनाव में श्री हुड्डा ने योगेश्वर को पराजित किया था और इस  बार भी वह कांग्रेस प्रत्याशी से पराजित हुये। 
 
नरवाल ने मतगणना के पहले ही दौर में बढ़त बना ली जो 11वें दौर तक जारी रही। हालांकि दूसरे, 12वें, 18वें और 19वें दौर में योगेश्वर  ने ज्यादा वोट जरूर लिए लेकिन प्रतिद्वंदी उम्मीदवार की बढ़त को नहीं  तोड़ पाए और अंतत: यह चुनाव भी उन्हें खोना पड़ा।  वर्ष 2012  के ओलंपिक खेलों में कुश्ती में कांस्य पदक के बाद योगेश्वर ने वर्ष 2014  के राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीता था। उन्हें वर्ष 2013 में  पद्मश्री से सम्मानित किया गया था। खेलों में उपलब्धियों के आधार पर  हरियाणा सरकार ने योगेश्वर को पुलिस उपाधीक्षक पद पर नियुक्ति दी थी लेकिन  बाद में उन्होंने इस पद से इस्तीफा देकर भाजपा का दामन थाम लिया लेकिन  राजनीति के इस दंगल में उन्हें लगातार दो बार हार का सामना करना पड़ा है। 
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »