25 Apr 2024, 05:55:34 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » National

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इच्छाशक्ति से सभी अड़चनें हुईं दूर: रक्षा मंत्री राजनाथ

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Sep 11 2020 12:22AM | Updated Date: Sep 11 2020 12:23AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

चंडीगढ़। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि जिस ताकत को आज हम अपनी आंखों से देख पा रहे हैं, उसे पाने की राह में अनेक अड़चनें भी आईं लेकिन प्रधानमंत्री की मजबूत इच्छाशक्ति के सामने वे सभी नेस्तनाबूत होती गईं, और हमारा मार्ग प्रशस्त होता गया। उन्होंने कहा कि यह उन्हीं की दूरदर्शिता का परिणाम है जिसे हम आज फलीभूत होता देख रहे हैं। हम यह अच्छी तरह समझते हैं कि बदलते समय के साथ हमें स्वयं को भी तैयार करना होगा। सिंह आज अंबाला छावनी के वायुसेना एयरफोर्स स्टेशन में आयोजित राफेल इंडक्शन सैरेमनी में बतौर मुख्य अतिथि कर रहे थे ।
 
अत्याधुनिक लड़ाकू विमान राफेल के वायु सेना में शामिल होने के अवसर पर रक्षामंत्री ने कहा कि आप सभी के बीच आकर मुझे बड़ी ख़ुशी हो रही है। एयरफोर्स में राफेल का शामिल होना एक महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक क्षण है और हम सब देशवासियों के लिए इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनना, गौरव का विषय है। इस अवसर पर मैं हमारी वायुसेना, आर्म्ड फोर्स समेत, समस्त देशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं।
 
उन्होंने कहा कि राफेल का इंडियन एयरफोर्स के बेड़े में शामिल होना भारत और फ्रांस के बीच के प्रगाढ़ संबंधों को दर्शाता है। भारत और फ्रांस लंबे समय से आर्थिक, सांस्कृतिक और रणनीतिक साझेदार रहे हैं। मजबूत लोकतंत्र के प्रति हमारी आस्था और सम्पूर्ण विश्व में शांति की कामना, हमारे आपसी संबंधों के आधार हैं। सिंह ने कहा कि भारत और फ्रांस के बीच एक स्पेशल स्ट्रैटजिक पार्टनरशिप है जो समय के साथ लगातार मजबूत हो रहा है।
 
आजादी के बाद, हमारे देश और फ्रांस के बीच जीवंत रक्षा सहयोग विकसित हुआ है। रक्षा मंत्री ने कहा कि हमारी जिम्मेवारी केवल अपनी प्रादेशिक सीमाओं तक ही सीमित नहीं हैं, हम इंडो प्रशांत क्षेत्र और हिंद महासागर में भी लगातार एक जिम्मेदार देश के रुप में विश्व शांति एवं अंतर्राष्ट्रीय समुदाय के साथ परस्पर सहयोग के लिये प्रतिबद्ध हैं। हमारी भूमिका इन क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही है और इसकी सराहना भी हो रही है।
 
उन्होंने कहा कि इस मौके पर आज यहां भारतीय वायु सेना के साथियों को बधाई देना चाहूँगा कि, सीमा पर हाल में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना के दौरान, एलएसी के पास भारतीय वायु सेना ने जिस तेजी और सूझ-बूझ से कार्रवाई की, वह देश के प्रति आपकी प्रतिबद्धता को दिखाता है। हमारी वायुसेना अपने परिचालन दायित्वों को पूरा करने के लिए पूरी तरह तैयार है। भारतीय वायु सेना ने चल रहे संचालन में जो स्पीड दिखाई है, उसने निश्चित ही सभी संभावित विरोधियों को हमारे देश के इरादे के बारे में सन्देश दिया है।
 
 
उन्होंने इस अवसर पर ऐतिहासिक 17 स्क्वाड्रन को विशेष बधाई देते हुए कहा कि भारतीय पराक्रम के इतिहास में आपका नाम चमकीले अक्षरों में दर्ज है। राफेल का इंडक्शन गोल्डन एरोज को नई चमक देगा। आप सभी राफेल यानि तूफÞान की तरह गतिशील रहकर देश की ‘अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करते रहें।  इस मौके पर उनके साथ फ्रांस की रक्षामंत्री फ्लोरेंस पार्ली भी मौजूद रहीं। दोनों अतिथियों ने वायुसेना के जाबांज पायलटों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
 
इस मौके पर फ्रांस की रक्षामंत्री फ्लोरेंस पार्ली ने भी अपने सम्बोधन में वायुसेना के अधिकारियों को राफेल के शामिल होने की बधाई देते हुए कहा कि भारत और फ्रांस के मधुर और प्रगाढ़ संबंध हैं। भारतीय सेना की मजबूती के लिए फ्रांस देश हमेशा उनके साथ खड़ा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सेनाओं को मजबूती मिली है और देश भी निरंतर हर क्षेत्र में आगे बढ रहा है।
 
उन्होंने रक्षा मंत्री का भी विशेष तौर पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आज यहां इस कार्यक्रम में शामिल होने की काफी खुशी मिली है। इस मौके पर प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जरनल विपिन रावत, वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल आर.के.एस. भदौरिया, रक्षा सचिव डा0 अजय कुमार, रक्षा विभाग के सचिव और डीआरडीओ के अध्यक्ष डा0 जी सतीश रेड्डी, मुख्य सचिव हरियाणा केशनी आनंद अरोड़ा, डीजीपी हरियाणा मनोज यादव, सहित वायुसेना के वरिष्ठ अधिकारी व सशस्त्र बलों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। 
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »