29 Mar 2024, 11:48:10 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » National

दुनिया भर में कोरोना संक्रमण से 5.15 लाख से अधिक की मौत

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Jul 2 2020 10:58AM | Updated Date: Jul 2 2020 10:59AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

जिनेवा/नई दिल्ली। वैश्विक महामारी कोरोना वायरस का प्रकोप लगातार बढ़ता ही जा रहा है और दुनिया भर में इस संक्रमण से मरने वालों की संख्या 5.15 लाख के पार हो गयी है तथा संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 1.06 करोड़ से अधिक हो गया है। अमेरिका की जॉन हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के विज्ञान एवं इंजीनियरिंग केन्द्र की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार विश्व भर में कोरोना संक्रमितों की संख्या 10,667,217 हो गयी है जबकि 515,646 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।

कोविड-19 के मामले में अमेरिका दुनिया भर में पहले, ब्राजील दूसरे और रूस तीसरे स्थान पर है। वहीं इस महामारी से हुई मौतों के आंकड़ों के मामले में अमेरिका पहले, ब्राजील दूसरे और ब्रिटेन तीसरे स्थान पर है। भारत में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना संक्रमण के 19,148 नये मामले सामने आये हैं और अब कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 6,04,641 हो गई है। इसी अवधि में कोरोना वायरस से 434 लोगों की मृत्यु होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 17,834 हो गई है। देश में इस समय कोरोना के 2,26,947 सक्रिय मामले हैं और अब तक 3,59,860 लोग इस महामारी से निजात पा चुके हैं।

भारत संक्रमण के मामले में विश्व में सबसे अधिक प्रभावित देशों की सूची में चौथे स्थान पर है। विश्व महाशक्ति माने जाने वाले अमेरिका में कोरोना से अब तक 26,85,806 लोग संक्रमित हो चुके हैं तथा 128,061 लोगों की मृत्यु हो चुकी है। ब्राजील में अब तक 14,48,753 लोग इसकी चपेट में आ चुके हैं जबकि 60,632 लोगों की मौत हो चुकी है। रूस में भी कोविड-19 का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है और यहां इसके संक्रमण से अब तक 653,479 लोग प्रभावित हुए हैं तथा 9521 लोगों ने जान गंवाई है। ब्रिटेन में इस संक्रमण के कारण हालात लगातार खराब होते जा रहे हैं। यहां अब तक इस महामारी से 3,14,992 लोग संक्रमित हुए हैं तथा 43,991 लोगों की मृत्यु हो चुकी है। संक्रमण के मामले में पेरू और चिली विश्व में क्रमश: छठे और सातवें स्थान पर हैं।

पेरू में संक्रमितों की संख्या 2,88,477 और मृतकों की संख्या 9860 हो गयी है। चिली में अब तक कोरोना वायरस से 2,82,043 लोग संक्रमित हुए हैं और मृतकों की संख्या 5753 है। आठवें स्थान पर स्पेन में अब तक 249,659 लोग संक्रमित हुए है जबकि 28,346 लोगों की मौत हो चुकी है। यूरोपीय देश इटली में भी इस महामारी ने बहुत कहर बरपाया है। यहां अब तक कोविड-19 से 2,40,760 लोग संक्रमित हुए हैं तथा 34,788 लोगों की मौत हुई है। कोरोना वायरस से गंभीर रूप से प्रभावित खाड़ी देश ईरान में संक्रमितों की संख्या 230,211 हो गई है और 10,958  लोगों की इसके कारण मौत हुई है।

कोरोना संक्रमण के मामले में मेक्सिको फ्रांस से आगे निकल गया है और यहां संक्रमितों की संख्या 231,771 पहुंच गई है और अब तक इस वायरस से 28,510 लोगों की मौत हुई है। यूरोपीय देश फ्रांस में कोरोना वायरस के कारण स्थिति काफी खराब है। पड़ोसी देश पाकिस्तान में कोरोना संक्रमितों की संख्या दो लाख से अधिक हो गयी है। यहां अब तक 2,13470 लोग संक्रमित हुए हैं तथा 4395 लोगों की मौत हो चुकी है। फ्रांस में अब तक 202,981 लोग इससे संक्रमित हुए हैं और 29,864 लोगों की मौत हो चुकी है।

तुर्की में कोरोना संक्रमितों की संख्या 201,098 हो गयी है और 5150 लोगों की मौत हो चुकी है। जर्मनी में 195,893 लोग संक्रमित हुए हैं और 8,995 लोगों की मौत हुई है। वैश्विक महामारी कोरोना के उद्गमस्थल चीन में अब तक 84,816 लोग संक्रमित हुए हैं और 4,641 लोगों की मृत्यु हुई है। कोरोना वायरस से बेल्जियम में 9754, कनाडा में 8678, नीदरलैंड में 6132, स्वीडन में 5370, इक्वाडोर में 4576, स्विट्जरलैंड में 1965, आयरलैंड में 1738 और पुर्तगाल में 1579 लोगों की मौत हुई है।

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »