नई दिल्ली। देश भर में कोरोना महामारी के बीच चल रहे अभियान के दौरान नौसेना के मुंबई स्थित डॉकयार्ड ने शरीर के तापमान का पता लगाने के लिए काफी सस्ती इन्फ्रारेड तापमान सेंसर गन डिजाइन की है। डॉकयार्ड ने इस गन को अपने संसाधनों से विकसित किया है। नौसेना के अनुसार इस गन की कीमत केवल एक हजार रूपये है जो बाजार में उपलब्ध इस तरह की गनों की कीमत का अंश भर है।
यह गन 0.02 डिग्री सेल्सियस तक के शारीरिक तापमान को सटीकता के साथ नापने में सक्षम है।यह एक तरह का थर्मामीटर है जो किसी के शारीरिक संपर्क में आए बिना ही उसके शरीर का तापमान जांच लेता है। इसमें एक इन्फ्रारेड सेंसर और एक एलईडी डिस्प्ले लगा हुआ है जो एक माइक्रोकंट्रोलर के साथ जुड़ा हुआ है। यह नौ वोल्टेज की क्षमता वाली बैटरी पर चलता है।