पटना। बिहार भारतीय जनता पार्टी मिशन 2020 के तहत इस वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारी को लेकर संगठन के निचले स्तर को मजबूत बनाने की कवायद में जुट गई है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने के बाद पहली बार बिहार आए जे. पी. नड्डा ने आज यहां पार्टी की कोर कमेटी के नेताओं के साथ गहन मंथन की। संगठन की मजबूती के साथ-साथ होने वाले विधानसभा के चुनाव पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में कहा गया कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक जनता दल यूनाइटेड (जदयू) और लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) अपनी-अपनी पार्टियों की बैठकें कर राजग को मजबूत बनाने की पुरजोर कोशिश में लगें हैं। विधानसभा के चुनाव में राजग पूरी मजबूती के साथ जाएगा और यह संदेश लोगों के बीच जाना चाहिए। इससे राजग की एकजुटता का भी संदेश जाएगा।