वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रविवार को अपने संसदीय वाराणसी में नये वर्ष में प्रथम आगमन पर उत्साहित भारती जनता पार्टी कार्यकर्ताओं समेत अनेक स्थानीय निवासियों ने पुष्प वर्षा के साथ उनका दिल खोल कर स्वागत किया। काशी हिंदू विश्वविद्यालय हेलीपैड से जंगमबाड़ी मंठ की ओर सड़क मार्ग 45 स्थानों भाजपा के विभिन्न प्रकोष्ठ, प्रकल्प, मोर्चो एवं विभागों से जुड़े कार्यकर्ताओं ने पुष्प वर्षा, शहनाई एवं डमरू बजाकर जोरदार स्वागत किया। जंगमबाड़ी मठ के आसपास सड़क किनारे खड़े हजारों लोगों ने प्रधानमंत्री के आगमन पर हर-हर महादेव के जयकारे के साथ उनका अभिनंदन एवं स्वागत किया।
जंगमबाड़ी मंठ में कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदुरप्पा ने उनकी आगवानी की। प्रधानमंत्री ने मंत्रोच्चार के बीच यहां दर्शन-पूजन किया। यहां आयोजित समारोह के बाद साधु संतों ने प्रधानमंत्री के साथ तस्वीरें खिंचवायी। येदुरप्पा एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यहां स्वागत किया। भाजपा काशी क्षेत्र के मीडिया प्रभारी नवरतन राठी ने बताया कि मदनपुरा स्थित मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र में बड़ी संख्या में मुस्लिम बंधुओं ने अल्पसंख्यक मोर्चा पदाधिकारी की अगुवाई में ढोल-नगाड़े के साथ पुष्प वर्षा कर प्रधानमंत्री का जोरदार स्वागत किया।