खंडवा। BJP के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि BJP ने सिर्फ गरीबी हटाने का नारा नहीं दिया, बल्कि गरीबों के जीवन स्तर को भी बेहतर बनाने का काम किया है। शर्मा ने यह बात आज खंडवा लोकसभा के बड़वाह में पार्टी प्रत्याशी ज्ञानेश्वर पाटिल के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि गरीबों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान यह काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकारें देश और प्रदेश से गरीबी हटाने में लगी हुई हैं। इस अवसर पर कृषि मंत्री कमल पटेल, वरिष्ठ भाजपा नेता हितेंद्र सोलंकी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता मौजूद रहे।
शर्मा ने कांग्रेस पर प्रहार करते हुए कहा कि इस पार्टी में झूठ बोलने की परंपरा पुरानी है। इस पार्टी का सिद्धांत फूट डालो और शासन करो का रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का अस्तित्व समाप्त हो गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 15 माह के कांग्रेस की सरकार में वल्लभ भवन को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया। कांग्रेस सरकार में प्रदेश की बेटी, भांजियों से भी धोखा किया गया। किसानों, गरीबों के साथ छल-कपट हुआ। किसानों का कर्ज आज तक माफ नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में सड़कों का जाल बिछा हुआ है। हर गांव प्रधानमंत्री सड़क योजना से जुड़ा है। 2003 से पहले मध्यप्रदेश में केवल 7 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई होती थी, लेकिन आज स्थितियां बदल गईं हैं। पहले गैस कनेक्शन के लिए सिफारिशें लगानी पड़ती थीं, लेकिन आज हर गरीब के घर में गैस कनेक्शन हैं।
शर्मा ने बड़वाह में युवा सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि आज केंद्र औैर प्रदेश की भाजपा सरकार कई गरीब कल्याण की योजनाएं चला रही हैं। युवाओं को इन योजनाओं का लाभ घर-घर तक पहुंचाने के लिए जुटना होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी औैर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में हमारा देश, हमारा प्रदेश हर क्षेत्र में सशक्त होने के साथ ही समृद्धशाली और वैभवशाली बन रहा है। उन्होंने युवाओं से कहा कि भाजपा को सभी 323 बूथों पर विजयी होना है, इसके लिए प्रभावी रणनीति बनाने का काम युवा साथियों को करने की जरूरत है।