20 Apr 2024, 08:07:16 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
State

जन-सहयोग से कोरोना पर नियंत्रण कर होंगे विजयी : शिवराज

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Apr 12 2021 12:11AM | Updated Date: Apr 12 2021 12:12AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए पिछले एक सप्ताह से की गई अनेक व्यवस्थाओं के फलस्वरूप तेजी से सुधार की स्थिति बन रही है। जन-सहयोग से कोरोना पर नियंत्रण कर हम विजयी होंगे। मुख्यमंत्री चौहान ने आज मंत्रालय में राज्य में कोरोना की स्थिति की समीक्षा करते हुए बताया कि जाँच, उपचार, देखभाल की सभी आवश्यक सुविधाएँ बढ़ाने और सावधानियों पर अमल किए जाने से नागरिकों को राहत मिल रही है। लगातार की गई विस्तृत समीक्षा का ही परिणाम है कि अब धीरे-धीरे पॉजिटिव प्रकरणों की संख्या भी कम होगी। कोरोना को नियंत्रण कर हम विजयी होंगे।

समीक्षा बैठक में चौहान ने आज प्रभारी अधिकारियों से जिलों में किये गये भ्रमण और प्रभार के जिले में कोरोना की स्थिति के संबंध में प्रतिवेदन मांगा। उन्होंने प्रभारी अधिकारियों को निर्देश दिये कि उनके भ्रमण के पश्चात जिलों में व्यवस्थाएँ दुरस्त होना चाहिए। कोविड केयर सेंटर के संचालन और होम आइसोलेशन व्यवस्था की नियमित मानिटरिंग की जाए। जिले के अस्पतालों में उपलब्ध बिस्तर क्षमता की जानकारी भी सार्वजनिक की जाए। प्रत्येक नागरिक, जन-प्रतिनिधि और मीडिया प्रतिनिधियों को व्यवस्थाओं से अवगत कराया जाये।

बैठक में बताया गया कि रेमडेसिविर की सुगम उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने हर संभव प्रयास किए हैं। रेमडेसिविर निर्माताओं को औषधि की सप्लाई बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। सभी को जरूरत के अनुसार उचित दाम पर रेमडेसिविर इंजेक्शन की उपलब्धता सुगम हो। इसकी कालाबाजारी एवं अवैध विक्रय न हो। औषधि निरीक्षकों द्वारा रेमडेसिविर इंजेक्शन की आपूर्ति एवं वितरण पर सतत निगरानी रखी जा रही है। रेमडेसिविर इंजेक्शन का वितरण केवल अस्पताल एवं संस्थानों में किया जा रहा है।

सरकार ने प्रदेश के समस्त मेडिकल कॉलेजों, जहाँ सर्वाधिक मरीजों का इलाज किया जा रहा है, के लिए पृथक से इस इंजेक्शन की 5 हजार यूनिट की आपूर्ति की है। प्रदेश में आज कुल 21 हजार 862 यूनिट की आपूर्ति की गई है। अस्पतालों को ऑक्सीजन की निर्बाध सप्लाई सुनिश्चित करने के लिए इसके निर्माताओं एवं डिस्ट्रीब्यूटर्स से सतत् संपर्क किया जा रहा है। वर्तमान में ऑक्सीजन सप्लाई की कोई कमी नही हैं। प्रदेश में वर्तमान में लगभग 244 मेट्रिक टन ऑक्सीजन प्रतिदिन की उपलब्धता है। प्रदेश में ऑक्सीजन के परिवहन के लिए टेंकरों की संख्या बढ़ायी जा रही है। अन्य राज्यों से भी ऑक्सीजन की आपूर्ति बढ़ाने के लिए अनुरोध किया गया है।

ऑक्सीजन के इण्डस्ट्रीयल उपयोग को सीमित करके सर्वप्रथम ऑक्सीजन की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। बैठक में बताया गया कि राजधानी भोपाल में पं. खुशीलाल शर्मा आयुर्वेदिक महाविद्यालय में कोविड केयर सेंटर प्रारंभ किया गया है। भोपाल में जो सेम्पल लिए जा रहे हैं उनकी रिपोर्ट और भी जल्दी आ जाए, यह सुनिश्चित किया जा रहा है। नई व्यवस्था में टेस्ट करवाने वाले व्यक्ति को एक पेम्फलेट या ब्रोशर के माध्यम से जाँच रिपोर्ट आने तक आइसोलेशन में रहने की हिदायत भी दी जायेगी। हमीदिया अस्पताल में 250 अतिरिक्त बिस्तर की व्यवस्था की गई है। प्रदेश में कोरोना संक्रमण के नियंत्रण के लिए वैक्सीनेशन का कार्य तेजी से किया जा रहा है।

आगामी 3 दिन में 15 लाख नागरिकों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य है। प्रदेश में अब तक 54 लाख 89 हजार 191 लोगों को वैक्सीन के डोज लग चुके हैं। इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य मोहम्मद सुलेमान ने बताया प्रदेश में कुल 5939 पॉजिटिव प्रकरण सामने आए हैं। प्रदेश में एक्टिव केस 2609 हैं, जबकि रिकवर हुए केस 3,306 हैं। कुल 24 मृत्यु रिकॉर्ड हुई है। मध्यप्रदेश आज देश के राज्यों में नौवें क्रम पर है। गत सप्ताह के पहले मध्यप्रदेश में प्रकरण अधिक थे और मध्यप्रदेश पाँचवें और छठे नंबर पर था।

अब इस स्थिति में सुधार होने लगा है। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश का देश के कोरोना रोगियों में हिस्सा 3.3% है। देश में सर्वाधिक 45.5 प्रतिशत रोगी महाराष्ट्र में हैं। मध्यप्रदेश का औसत पॉजिटिविटी रेट 10.3 % है। यह औसत राष्ट्रीय दर 12.6 प्रतिशत से कम है। प्रदेश में जिन नगरों में इस सप्ताह की औसत पॉजिटिविटी दर अधिक है उनमें कटनी 35 प्रतिशत, भोपाल 23, बड़वानी 21, इंदौर 15, बैतूल 16, ग्वालियर 14, जबलपुर 14 ,खरगोन 15, उज्जैन 11 और रतलाम 12 प्रतिशत शामिल हैं। प्रदेश में 66% रोगी होम आइसोलेशन में हैं। अस्पतालों में 34% रोगी दाखिल हैं। शासकीय अस्पतालों में ऑक्सीजन बेड 53%, आईसीयू और एचडीयू बेड 56% और आइसोलेशन बेड 14% का उपयोग हो रहा है। निजी अस्पतालों में बेड उपयोग क्रमश: 67.71 और 53% है। 

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »