भोपाल। मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने आज कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नेताजी सुभाषचंद्र बोस के बताए रास्ते पर चलकर देश को सक्षम, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प लिया है। भाजपा की ओर से यहां जारी विज्ञप्ति के अनुसार शर्मा ने नेताजी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
उन्होंने कहा कि नेताजी की 125 वीं जयंती को पूरे देश में पराक्रम दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। भोपाल में 7 नं. स्टॉप पर शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय के समीप नेताजी सुभाषचन्द्र बोस की प्रतिमा पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ माल्यार्पण कर नेताजी की जयंती पर उनका पुण्य स्मरण किया।
इस अवसर पर पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष सीमा सिंह, प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी, प्रदेश मंत्री राहुल कोठारी, प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर, जिलाध्यक्ष सुमित पचौरी, विधायक कृष्णा गौर उपस्थित थीं। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने नेताजी की जयंती को पराक्रम दिवस के रूप में मनाने का आव्हान किया है और आज पूरा देश पराक्रम दिवस मना रहा है।
शर्मा ने कहा कि भाजपा, देश की जनता और नौजवानों ने अपने गांव, क्षेत्र, प्रदेश और देश को आत्मिनर्भर बनाने का संकल्प लिया है। आज नेताजी की जयंती पर हमें यह सोचना होगा कि देश को आगे ले जाने में हमारी भूमिका क्या हो सकती है। शर्मा ने कांग्रेस के आंदोलन पर टिप्पणी करते हुए कहा कि कांग्रेस अपना अस्तित्व बचाने के लिए जूझ रही है। अपना अस्तित्व बचाने की जद्दोजहद में कांग्रेस किसानों के नाम पर आंदोलन कर रही है, लेकिन देश के किसानों को कांग्रेस के इन आंदोलनों से कोई फर्क पड़ने वाला नहीं है। देश के किसान बता चुके हैं कि वे कृषि कानूनों के समर्थन में हैं और भाजपा के साथ खड़े हैं।