19 Apr 2024, 03:08:42 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
State

हमने प्रदेश की तस्वीर बदलने का काम कर कोई पाप नहीं किया: कमलनाथ

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Oct 31 2020 12:18AM | Updated Date: Oct 31 2020 12:18AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

राजगढ़/अशोकनगर। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर हमला करते हुए आज कहा कि हमने अपनी सरकार में प्रदेश की तस्वीर बदलने का काम कर कोई पाप और गुनाह नहीं किया है। कमलनाथ राजगढ़ जिले के ब्यावरा विधानसभा के कांग्रेस प्रत्याशी रामचंद्र डांगी और अशोक नगर की कांग्रेस प्रत्याशी आशा दोहरे के समर्थन में जनसभाओं को संबोधित किया।
 
उन्होंने कहा कि हमने किसानों का कर्जा माफ कर, माफियाओ व मिलावटखोरो के खिलाफ अभियान चलाकर, युवाओं को रोजगार देकर, महिलाओं को सम्मान और सुरक्षा देकर, 100 रूपए में 100 यूनिट बिजली देकर, कन्या विवाह की राशि बढ़ाकर, सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि डबल कर, पिछड़े वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण देकर कोई पाप और गुनाह नहीं किया है।
 
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 माह में हमें काम करने के लिए सिर्फ साढ़े 11 माह ही मिले लेकिन इसमें भी हमने अपनी नीति और नियत का परिचय दिया। भाजपा ने 15 वर्ष बाद जो प्रदेश हमें सौंपा था उसमें हर क्षेत्र में चुनौती थी, कृषि क्षेत्र में भी चुनौती थी, किसानों को न्याय नहीं मिल पा रहा था, उनको उनकी उपज का सही दाम नहीं मिल पा रहा था।
 
आज हमारी अर्थव्यवस्था 70 प्रतिशत कृषि क्षेत्र पर आधारित है। हमने प्रदेश की इसी तस्वीर को बदलने को लेकर काम किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार में आज युवाओं का भविष्य अंधेरे में है, वह ठेका कमीशन नहीं चाहता, वह तो अपने हाथों को काम चाहता है, व्यवसाय का मौका चाहता है।
 
प्रदेश में कोई निवेश नहीं आता था, क्योंकि प्रदेश की पहचान माफिया-मिलावटखोरों और भ्रष्टाचार से थी। प्रदेश पर कोई विश्वास नहीं करता था। हमने इसी पहचान को बदलने का काम किया, जिससे प्रदेश में एक विश्वास का माहौल हो, निवेश आ सके, जिससे युवाओं को रोजगार मिल सके। कमलनाथ ने कहा कि आज देश में 60 उपचुनाव हो रहे है, उसमें से हमारे प्रदेश में 28 उपचुनाव हो रहे है, उसमें 25 तो निधन के कारण नहीं सौदेबाजी के कारण हो रहे है।
 
भाजपा ने सौदेबाजी कर सरकार बना कर प्रदेश को देश भर में कलंकित किया। भाजपा का तो लक्ष्य है कि पंचायत के भी चुनाव ना हो। उन्होंने कहा कि यह साधारण उपचुनाव नहीं है, यह तो मध्यप्रदेश के किसानों, युवाओं के भविष्य का चुनाव है। राजगढ़ की सभा में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, आचार्य प्रमोद कृष्णन, कांतिलाल भूरिया, नकुलनाथ, कांग्रेस प्रत्याशी रामचंद्र डांगी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश पुरोहित आदि उपस्थित थे। वहीं, अशोकनगर की सभा में आचार्य प्रमोद कृष्णन, कांग्रेस प्रत्याशी आशा दौहरे, गोपाल चौहान, संजय यादव, जिला अध्यक्ष हरी सिंह रघुवंशी, निशंक जैन आदि उपस्थित थे। 
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »