भोपाल। केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने आज कहा कि देश के साथ ही मध्यप्रदेश में भी वर्तमान में अनेक चुनौतियां हैं और हम सभी को मिलकर इनका सामना करना है। तोमर ने प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से शिवराज सिंह चौहान सरकार के एक सौ दिन का कार्यकाल पूरा होने पर आयोजित वर्चुअल रैली को संबोधित किया। तोमर ने दिल्ली से वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से रैली को संबोधित किया, जबकि चौहान, वरिष्ठ नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल और अन्य नेता यहां प्रदेश भाजपा कार्यालय में मौजूद थे।
तोमर ने कहा कि देश और प्रदेश में कोरोना और अन्य चुनौतियां हैं। राज्य के 24 विधानसभा क्षेत्रों में होने वाले उपचुनावों में सभी जगह विजय हासिल करना है। उन्होंने चौहान सरकार द्वारा एक सौ दिनों में लिए गए निर्णयों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री की सराहना की और कहा कि सभी लोग चौहान के कंधे से कंधा और कदम से कदम मिलाकर चलेंगे और सभी चुनौतियों से पार पाएंगे। तोमर ने सिंधिया की भी सराहना की और कहा उन्होंने कांग्रेस में रहकर ही आपातकाल का विरोध किया था।
इसके अलावा जम्मू कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटाने के कदम का भी समर्थन किया था। तोमर ने जहां चौहान की तारीफ की वहीं पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की नीतियों की आलोचना की। उन्होंने कोरोना काल के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और किसानों संबंधी उठाए गए कदमों का भी जिक्र किया और कहा कि मध्यप्रदेश में इनका बेहतर ढंग से क्रियान्वयन हुआ है। समारोह में प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने संबोधित करते हुए कांग्रेस की पूर्व सरकार की नीतियों की आलोचना की और मुख्यमंत्री श्री चौहान की कार्यप्रणाली की सराहना की। समारोह को सिंधिया और चौहान ने भी संबोधित किया।