19 Apr 2024, 07:04:32 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Sport

भारत को विश्व चैंपियन बेल्जियम से मिली नजदीकी हार

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Feb 10 2020 12:15AM | Updated Date: Feb 10 2020 12:15AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

भुवनेश्वर। मेजबान भारत को विश्व चैंपियन और विश्व की नंबर एक टीम बेल्जियम के हाथों एफआईएच प्रो लीग हॉकी के मुकाबले में रविवार को दूसरे मैच में 2-3 की नजदीकी हार का सामना करना पड़ा। भारत ने विश्व और यूरोपीय चैंपियन बेल्जियम को शनिवार को पहले मैच 2-1 से हराया था लेकिन दूसरे मैच में बेल्जियम ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पहली हार का बदला चुका लिया। यहां कलिंगा स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने बराबरी हासिल करने की कोशिश की लेकिन उसे सफलता नहीं मिली। टोक्यो ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई कर चुके भारत की चार मैचों में यह पहली हार है है और वह आठ अंकों के साथ तालिका में दूसरे स्थान पर है।
 
विश्व की चौथे नंबर पर पहुंची टीम भारत इस टूर्नामेंट में पहली बार खेल रहा है और उसने टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत करते हुए विश्व की तीसरे नंबर की टीम हॉलैंड को इसी स्टेडियम में पहले मुकाबले में 5-2 से हराया था।दूसरे मैच में निर्धारित समय में स्कोर 3-3 से बराबर रहा था लेकिन भारत ने पेनल्टी शूट आउट में 3-1 से जीत हासिल की थी। इसी कलिंगा स्टेडियम में दो साल पहले 2018 में विश्व चैंपियन बनने वाले बेल्जियम की छह मैचों में यह चौथी जीत है और वह 14 अंकों के साथ तालिका में शीर्ष स्थान पर बना हुआ है। बेल्जियम ने मैच के तीसरे मिनट में मिले पेनल्टी कार्नर पर गोल कर बढ़त बना ली।
 
एलेक्जेंडर हेंड्रिक्स ने यह गोल कर टीम को बढ़त दिला दी। विवेक प्रसाद ने 15वें मिनट में गोल कर भारत को बराबरी दिलाई। मैक्सिम प्लेवॉक्स ने 16वें मिनट में गोल कर बेल्जियम को आगे किया जबकि अमित रोहिदास ने 17वें मिनट में भारत को बराबरी दिला दी। प्लेवॉक्स ने 26वें मिनट में बेल्जियम को 3-2 से आगे किया और विश्व की नंबर एक टीम ने इस बढ़त को अंत तक कायम रखा और जीत के साथ इस दौरे का समापन किया। बेल्जियम के निकोलस केरपेल को प्लेयर आॅफ द मैच का पुरस्कार मिला।
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »