नई दिल्ली। महेंद्र सिंह धौनी टीम इंडिया के सबसे सफल कप्तान हैं और हर कोई उनकी कप्तानी का लोहा मानता है। आकाश चोपड़ा भी धौनी की कप्तानी के बहुत बड़े फैन हैं और उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि, अपनी लीडरशिप के साथ साथ धोनी कप्तानी के एक नए आयाम को सामने लेकर आए हैं। उन्होंने कहा कि, धौनी ने हमें कप्तानी का नया तरीका सिखाया। सौरव गांगुली ने प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को खोजा, लेकिन धौनी ने उन्हें निखारने का काम किया और टीम में एक ऐसा माहौल तैयार किया जिससे कि खिलाड़ी बिल्कुल फ्री होकर खेलें और अपना बेस्ट टीम को दे सकें।
धौनी ने भारत के लिए 200 वनडे मैचों में कप्तानी की जिसमें टीम इंडिया को 110 मैचों में जीत मिली थी तो वहीं 72 टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में उनकी कप्तानी में टीम इंडिया को 41 मैचों में जीत मिली थी। आकाश चोपड़ा ने दीपक चाहर का जिक्र करते हुए कहा कि, धौनी ने उनका इस्तेमाल इतने शनादार तरीके से किया कि, वो डेथ ओवर्स के स्पेशलिस्ट गेंदबाज बन गए। आकाश चोपड़ा ने धौनी के बारे में कहा कि, वो इस बात को अच्छी तरह से समझ जाते हैं कि, किस खिलाड़ी में किस तरह की प्रतिभा है और वो क्या कर सकता है। दीपक चाहर ने खुद को डेथ ओवरों के लिए तैयार किया और इसका श्रेय धौनी को जाता है। धौनी की यही बात उन्हें बेस्ट बनाती है कि, उन्हें पता होता है कि किसी खिलाड़ी का बेस्ट किस तरह से आ सकता है।
धौनी के कूल अंदाज की तारीफ करते हुए पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने कहा कि, आपने बेहद कम मौके पर उन्हें अपना आपा खोते हुए देखा होगा। उनकी कप्तानी का अंदाज और तरीका बिल्कुल अलग है और खेल को पहले से ही परख लेने की उनकी क्षमता कमाल की है। वो अपने साथी खिलाड़ियों पर भरोसा जताते हैं और खुद को पीछे रखते हैं। अगर कुछ गलत हो जाता है तो वो फिर स्थिति के मुताबिक काम करते हैं और उनकी यही आत्मविश्वास उन्हें एक अलग लेवल का कप्तान बनाता है।