25 Apr 2024, 20:45:12 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
State

सरकारी ट्रेनिंग सेंटर में 1 दिव्यांग लड़की से रेप, 5 से छेड़छाड़, CM भूपेश ने ये दिया बयान

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Sep 27 2021 12:35PM | Updated Date: Sep 27 2021 12:35PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के एक सारकारी दिव्यांग प्रशिक्षण केंद्र में दिव्यांग नाबालिग बच्चियों से दुष्कर्म एवं छेड़छाड़ का केस दर्ज किया गया है। मामले में पुलिस ने आरोपी दोनों कर्मचारियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों ने एक नाबालिग दिव्यांग लड़की से रेप किया, जबकि पांच अन्य के साथ छेड़छाड़ की। अब यह मामला तूल पकड़ने लगा है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदेव साय ने दिव्यांग केंद्र पहुंचकर हालातों का जायजा लिया और फिर राजीव गांधी शिक्षा मिशन के अधिकारियों पर गम्भीर आरोप लगाए। इस घटना को लेकर राज्य के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने चिंता जताई है। भूपेश बघेल ने कहा कि ‘घटना दु:खद है। मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई हुई है। इस प्रकार की घटना दोबारा न हो, हमारी यही कोशिश रहेगी।’ बता दें कि जशपुर जिला मुख्यालय में स्थित दिव्यांग प्रशिक्षण केंद्र में वहीं के दो कर्मचारियों के द्वारा एक दिव्यांग बच्ची से दुष्कर्म व अन्य से छेड़छाड़ एवं मारपीट का आरोप लगा है। मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। रेप की वारदात को आरोपी चौकीदार नरेन्द्र राम भगत ने अंजाम दिया। जबिक छेड़छाड़ का जुर्म करने का आरोप नरेन्द्र व केयर टेकर राजेश चौहान पर संयुक्त रूप से लगा है। मामले में केन्द्रीय बाल संरक्षण आयोग ने भी संज्ञान लिया है। आयोग द्वारा इस संबंध में एक पत्र जारी किया गया है।
 
घटना के बाद राजीव गांधी शिक्षा मिशन के अधिकारी और कर्मचारियों पर लगातार गम्भीर आरोप लग रहे हैं। घटना की जानकारी अधिकारियों को लगने के बाद भी थाने में शिकायत नहीं करने पर प्रशिक्षण केंद्र के अधीक्षक और राजीव गांधी शिक्षा मिशन के डीएमसी विनोद पैंकरा पर सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं। क्योंकि दिव्यांग बच्चियों से अमानवीयता की घटना के बारे में जानकारी होने के बाद भी अधीक्षक और डीएमसी के द्वारा ना ही थाने में शिकायत की गई और ना ही मामले की सूचना जिले के बड़े अधिकारियों को दी गई। इस मामले में अधीक्षक संजय राम और डीएमसी विनोद पैंकरा दोनो ही लापरवाही को लेकर अपनी-अपनी  दलील पेश कर रहे हैं। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर महादेव कावरे ने अधीक्षक संजय राम को सस्पेंड कर दिया है। वहीं राजीव गांधी शिक्षा मिशन के डीएमसी विनोद पैंकरा को शोकाज नोटिस जारी कर जवाब कलेक्टर ने मांगा है।
 
घटना के बाद BJP प्रदेशाध्यक्ष दिव्यांग केंद्र पहुंचे और हालातों का जायजा लिया। विष्णुदेव साय ने इस मामले में बड़ा आरोप राजीव गांधी शिक्षा मिशन के अधिकारियो पर लगाया है साथ ही प्रदेश सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताया है। BJP प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने दिव्यांग केंद्र का निरीक्षण करने के बाद मीडिया से बात करते हुए दिव्यांग केंद्र में हुई घटना की कड़ी निंदा करते हुए दिव्यांग प्रशिक्षण केंद्र को विभाग के अधिकारियों द्वारा शराबखोरी का अड्डा बनाने का गंभीर आरोप लगाया है।भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने बताया कि इस मामले की जांच के लिए भाजपा की तरफ से  जांच दल बनाया जाएगा जो मामले की पड़ताल कर रिपोर्ट बनाएगी। वहीं भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता इस मामले में डीएमसी विनोद पैंकरा के खिलाफ थाने में मामला दर्ज करने की मांग को लेकर आज सिटी कोतवाली का घेराव करेंगे।
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »