29 Mar 2024, 17:31:49 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
State

मध्यप्रदेश में अब सिर्फ रेड और ग्रीन जोन होंगे - CM शिवराज

By Dabangdunia News Service | Publish Date: May 19 2020 12:26AM | Updated Date: May 19 2020 12:36AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कोरोना महामारी के कारण आज लॉकडाउन 4 प्रारंभ होने के मद्देनजर कहा कि राज्य में अब सिर्फ दो ही रेड और ग्रीन जोन होंगे और इन्हीं के आधार पर सारी गतिविधियां तय की जाएंगी। चौहान ने रात्रि में राज्य की जनता के नाम संदेश में यह बात कही। उन्होंने लगभग 25 मिनट के अपने संदेश में कहा कि रेड जोन में सख्त प्रतिबंध पूर्व की भांति जारी रहेंगे, ताकि कोरोना के संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।

हालाकि आवश्यक सेवाएं जारी रखी जाएंगी। वहीं ग्रीन जोन में आर्थिक और अन्य गतिविधियां भी शुरू की जाएंगी, लेकिन इस दौरान पूरी ऐहतियात बरती जाएगी और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। चौहान ने कहा कि इंदौर, उज्जैन और भोपाल के अलावा कुछ अन्य जिले रेड जोन में हैं। जबकि शेष जिले ग्रीन जोन में रहेंगे। उन्होंने बताया कि यदि ग्रीन जोन में कोरोना के केस आए या इनमें वृद्धि हुयी तो उन्हें रेड जोन में परिवर्तित कर दिया जाएगा।

इसलिए उन्होंने ग्रीन जोन के नागरिकों से पर्याप्त ऐहतियाती कदम उठाते हुए सतर्क रहने का अनुरोध किया। उन्होंने कोरोना से निपटने के लिए राज्य में 50 दिनों के दौरान उठाए गए कदमों का जिक्र किया और कहा कि हम कोरोना पर काफी हद तक नियंत्रण पाने में सफल रहे हैं। आगे भी और मजबूती से इस पर नियंत्रण पाना आवश्यक है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कोरोना पर नियंत्रण के लिए उठाए गए कदमों का जिक्र किया और कहा कि आत्मनिर्भर भारत बनाने के लिए आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश बनाना भी जरुरी है।

इसका हम ड्राफ्ट बनाकर लाएंगे और इस दिशा में कार्य भी करेंगे। उन्होंने कहा कि आर्थिक गतिविधियां बढ़ाना आवश्यक है और इसके लिए भी अनेक योजनाओं पर कार्य किया जाएगा। लॉकडाउन थ्री कल ही समाप्त हुआ है और देश में आज से लॉकडाउन फोर प्रारंभ हो गया है, जो फिलहाल 30 मई तक चलेगा। लॉकडाउन फोर के दौरान जिला स्तर पर भी संकट प्रबंधन समूह बनाए गए हैं, जिन्हें स्थानीय स्थितियों के आधार पर निर्णय लेने का अधिकार दिया गया है। इनमें जिले के वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि शामिल हैं। 

 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »